रायपुर

*एएसपी और डीएसपी स्तर के 129 अफसरों का तबादला, सीएम सुरक्षा से लेकर नक्सल क्षेत्रों के पुलिस प्रभार में भारी फेरबदल*

छत्तीसगढ़ उजाला

 

रायपुर (छत्तीसगढ़ उजाला)। छत्तीसगढ़ शासन के गृह (पुलिस) विभाग ने राज्य पुलिस सेवा संवर्ग में प्रशासनिक आधार पर एक बहुत बड़ा फेरबदल किया है। मंत्रालय (महानदी भवन) द्वारा जारी आधिकारिक आदेश के अनुसार, राज्य पुलिस सेवा के अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक (ASP) और उप पुलिस अधीक्षक (DSP) स्तर के अधिकारियों को तत्काल प्रभाव से अस्थाई रूप से आगामी आदेश तक नवीन पदस्थापना सौंपी गई है।

इस बड़े फेरबदल में मुख्यमंत्री सुरक्षा से लेकर कई जिलों के अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक, उप सेनानी (डिप्टी कमांडर), सीएसपी और एसडीओपी प्रभावित हुए हैं।

इन अतिरिक्त पुलिस अधीक्षकों (ASP) की बदली जिम्मेदारी

गृह विभाग द्वारा जारी सूची के अनुसार, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक संवर्ग (ग्रेड पे 8700) में कई महत्वपूर्ण बदलाव किए गए हैं:

ओ.पी. शर्मा (सेनानी, 4थी वाहिनी, छसबल माना रायपुर) को अब पुलिस अधीक्षक, माननीय मुख्यमंत्री सुरक्षा (छ.ग. रायपुर) के पद पर तैनात किया गया है।

राजेन्द्र प्रसाद भैया (अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक, पुलिस मुख्यालय नवा रायपुर) को पुलिस अधीक्षक, पी.टी.एस. मैनपाट बनाया गया है।

संतोष महतो को सेनानी, 5वीं वाहिनी छ.स.बल जगदलपुर की कमान दी गई है।

सुखनंदन राठौर (अति. पुलिस अधीक्षक, शहर, जिला दुर्ग) का तबादला अति. पुलिस अधीक्षक बस्तर (जिला जगदलपुर) के रूप में किया गया है।

शोभराज अग्रवाल को अति. पुलिस अधीक्षक मान. मुख्यमंत्री सुरक्षा से हटाकर अति. पुलिस अधीक्षक (शहर), जिला दुर्ग बनाया गया है।

राम कुमार बर्मन (अति. पुलिस अधीक्षक, जिला दन्तेवाड़ा) को अति. पुलिस उपायुक्त (यातायात), रायपुर नगरीय की जिम्मेदारी दी गई है।

गायत्री सिंह को सहायक पुलिस महानिरीक्षक, ए.एन.टी.एफ. (पुलिस मुख्यालय रायपुर) नियुक्त किया गया है।

इसके अलावा सुप्रतिभा तिवारी (बिलासपुर), उमेश कुमार कश्यप (पुलिस मुख्यालय), चंद्रकांत गवर्ना (बालोद), रितेश चौधरी (सरगुजा), खोमन लाल सिन्हा (बलौदाबाजार) सहित कई अन्य एएसपी अधिकारियों के प्रभार बदले गए हैं।

उप पुलिस अधीक्षक (DSP/SDOP) स्तर पर भी भारी उलटफेर

आदेश में उप पुलिस अधीक्षक संवर्ग के अधिकारियों की भी लंबी सूची शामिल है, जिन्हें मैदानी और प्रशासनिक पदों पर स्थानांतरित किया गया है:

स्नेहिल साहू (अनुविभागीय अधिकारी, सारंगढ़) को सहायक पुलिस आयुक्त (यातायात), रायपुर नगरीय बनाया गया है।

देवांश सिंह राठौर (सहायक पुलिस आयुक्त, पुरानी बस्ती रायपुर) को उप पुलिस अधीक्षक, जिला दुर्ग भेजा गया है।

निशांत पाठक को नगर पुलिस अधीक्षक (CSP), भिलाई (जिला दुर्ग) की कमान सौंपी गई है।

तिलेश्वर प्रसाद यादव को नगर पुलिस अधीक्षक (CSP), कोतवाली (जिला बिलासपुर) नियुक्त किया गया है।

परमेश्वर तिलकवार को नगर पुलिस अधीक्षक (CSP), सिविल लाइन (जिला बिलासपुर) बनाया गया है।

राहुल कुमार उईके को नगर पुलिस अधीक्षक (CSP), रायगढ़ (जिला रायगढ़) पदस्थ किया गया है।

इसके साथ ही कानून व्यवस्था को चुस्त-दुरुस्त बनाने के लिए नक्सल प्रभावित क्षेत्रों (जैसे सुकमा, बीजापुर, दंतेवाड़ा और नारायणपुर) में पदस्थ कई ऑप्स (Ops) और डीआरजी (DRG) के उप पुलिस अधीक्षकों को मैदानी अनुविभागीय अधिकारी (पुलिस) के रूप में नई पदस्थापनाएं दी गई हैं।

राज्यपाल के नाम पर उप सचिव ने जारी किया आदेश

गृह विभाग द्वारा स्पष्ट किया गया है कि उपरोक्त सभी पदस्थापनों के लिए आवश्यक समन्वय में विधिवत अनुमोदन प्राप्त कर लिया गया है। यह आदेश छत्तीसगढ़ के राज्यपाल के नाम से तथा आदेशानुसार उप सचिव राम प्रसाद चौहान द्वारा डिजिटल हस्ताक्षर से जारी किया गया है। आदेश की प्रतिलिपि मुख्यमंत्री सचिवालय, उप मुख्यमंत्री कार्यालय, पुलिस महानिदेशक (DGP) और संबंधित रेंज के आईजी/कलेक्टरों को आवश्यक कार्यवाही हेतु भेज दी गई है।

Related Articles

Back to top button