रायपुर

*डीसीपी से लेकर थाना प्रभारियों तक बदली जिम्मेदारियां, पुलिस कमिश्नरेट में बड़ा फेरबदल दीपमाला कश्ययप को मिली रायपुर उत्तर जोन उपायुक्त की जवाबदेही*

छत्तीसगढ़ उजाला

 

रायपुर (छत्तीसगढ़ उजाला)। पुलिस कमिश्नरेट में प्रशासनिक व्यवस्था को प्रभावी बनाने के उद्देश्य से वरिष्ठ पुलिस अधिकारियों के कार्यक्षेत्र में बदलाव किया गया है। पुलिस कमिश्नर संजीव शुक्ला द्वारा जारी आदेश के तहत कई पुलिस उपायुक्त (DCP) और थाना प्रभारियों को नई जिम्मेदारियां सौंपी गई हैं।

शीर्ष स्तर पर नई पदस्थापना

गृह विभाग द्वारा जारी आधिकारिक आदेश के तहत रायपुर कमिश्नरेट में पदस्थ तीन वरिष्ठ अधिकारियों के विभागों और कार्यक्षेत्र में बदलाव किया गया है:

तारकेश्वर पटेलः रायपुर कमिश्नरेट में अब तक अतिरिक्त पुलिस उपायुक्त (जोन मध्य) की जिम्मेदारी संभाल रहे वरिष्ठ अधिकारी तारकेश्वर पटेल को पदोन्नत करते हुए पुलिस उपायुक्त (जोन मध्य) के पद पर तैनात किया गया है।

दीपमाला कश्यपः बिलासपुर में विशेष शाखा के अंतर्गत जिला पुलिस अधीक्षक के रूप में कार्यरत दीपमाला कश्यप को रायपुर स्थानांतरित किया गया है। उन्हें अब रायपुर में पुलिस उपायुक्त (जोन उत्तर) की महत्वपूर्ण जिम्मेदारी दी गई है।

अर्चना झाः अतिरिक्त पुलिस उपायुक्त (मुख्यालय, प्रशिक्षण, डीएसबी, अजाक एवं सीडब्ल्यूसी) के पद पर कार्यरत अर्चना झा के कार्यक्षेत्र में बदलाव किया गया है। उन्हें अब रायपुर कमिश्नरेट में पुलिस उपायुक्त (यातायात एवं प्रोटोकॉल) का नया प्रभार सौंपा गया है।

चार निरीक्षकों के तबादले, तीन थानों को मिले नए प्रभारी

वरिष्ठ अधिकारियों के फेरबदल के साथ ही स्थानीय स्तर पर पुलिस व्यवस्था को दुरुस्त करने के लिए रायपुर के पुलिस कमिश्नर डॉ. संजीव शुक्ला ने प्रशासनिक आधार पर चार निरीक्षकों (TI) की नई पदस्थापना सूची जारी की है:

सतीश सिंह गहरवारः इन्हें अब कोतवाली थाने का नया प्रभारी नियुक्त किया गया है। इसके साथ ही उन्हें एंटी क्राइम एंड साइबर यूनिट (ACCU) का अतिरिक्त प्रभार भी सौंपा गया है।

राजेश कुमार सिंहः यातायात शाखा में तैनात निरीक्षक राजेश कुमार सिंह को फील्ड ड्यूटी पर भेजते हुए आजाद चौक थाने की कमान सौंपी गई है।

पारस राम पटेल: यातायात विभाग से हटाकर पारस राम पटेल को सरस्वती नगर थाने का नया थाना प्रभारी बनाया गया है।

नरेंद्र कुमार साहूः यातायात शाखा में कार्यरत नरेंद्र कुमार साहू को भी नई जिम्मेदारी देते हुए गुढ़ियारी थाने का प्रभारी नियुक्त किया गया है।

Related Articles

Back to top button