ब्रेकिंग न्यूज

नामांतरण के नाम पर 70 हजार की रिश्वत मांगने वाला तहसीलदार का रीडर ACB के हत्थे चढ़ा, 10 हजार लेते रंगे हाथ गिरफ्तार

कोंडागांव(छत्तीसगढ़ उजाला)-जिले के फरसगांव तहसील कार्यालय में एंटी करप्शन ब्यूरो (ACB) ने मंगलवार को बड़ी कार्रवाई करते हुए तहसीलदार के रीडर मुकेश रंगारी को रिश्वत लेते हुए रंगे हाथ गिरफ्तार कर लिया। कार्रवाई के बाद तहसील कार्यालय में हड़कंप मच गया और पूरे दिन अफरा-तफरी का माहौल बना रहा।

जानकारी के अनुसार, ग्राम पाटला निवासी बिसुलाल नेताम ने एसीबी से शिकायत की थी कि उसके नामांतरण प्रकरण में पिता और बुआ का नाम दर्ज (नाम जोड़ने) करने के एवज में तहसीलदार के रीडर मुकेश रंगारी ने 70 हजार रुपये की रिश्वत की मांग की थी। शिकायत मिलने के बाद ACB ने मामले का सत्यापन किया और योजनाबद्ध तरीके से ट्रैप की कार्रवाई की।

जांच में सामने आया कि शिकायतकर्ता पहले ही आरोपी को दो किश्तों में 15 हजार और 20 हजार रुपये, यानी कुल 35 हजार रुपये दे चुका था। इसके बाद मंगलवार को जब आरोपी तीसरी किश्त के रूप में 10 हजार रुपये की रिश्वत ले रहा था, तभी पहले से घात लगाए बैठी एसीबी की टीम ने उसे रंगे हाथ दबोच लिया।

कार्रवाई के दौरान रिश्वत की राशि मौके से बरामद कर ली गई। एसीबी ने आरोपी को हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू कर दी है और प्रकरण से जुड़े दस्तावेजों की भी जांच की जा रही है। आरोपी के खिलाफ भ्रष्टाचार निवारण अधिनियम के तहत वैधानिक कार्रवाई की जा रही है।

इस कार्रवाई के बाद फरसगांव तहसील कार्यालय में हड़कंप मच गया। आम लोगों के बीच भी यह मामला चर्चा का विषय बना हुआ है। अब जांच एजेंसी यह भी पता लगाने में जुटी है कि रिश्वत की मांग केवल रीडर के स्तर पर की गई थी या इस पूरे प्रकरण में किसी अन्य की भी भूमिका रही है।

प्रशांत गौतम

Related Articles

Back to top button