केंद्रीय गृह मंत्रालय का बड़ा फैसला: छत्तीसगढ़ के IPS सुंदरराज पी बने NIA के IG

नई दिल्ली/रायपुर(छत्तीसगढ़ उजाला)-छत्तीसगढ़ कैडर के वरिष्ठ आईपीएस अधिकारी सुंदरराज पी को राष्ट्रीय जांच एजेंसी (NIA) में इंस्पेक्टर जनरल (IG) के पद पर नियुक्त किया गया है। केंद्रीय गृह मंत्रालय ने उनकी नियुक्ति को मंजूरी देते हुए छत्तीसगढ़ शासन को उन्हें तत्काल प्रभाव से कार्यमुक्त करने के निर्देश जारी किए हैं, ताकि वे केंद्र में अपनी नई जिम्मेदारी संभाल सकें।
वर्ष 2003 बैच के आईपीएस अधिकारी सुंदरराज पी की यह नियुक्ति प्रतिनियुक्ति (डेपुटेशन) के आधार पर की गई है। लंबे समय तक बस्तर रेंज के आईजी के रूप में कार्य करते हुए उन्होंने नक्सल प्रभावित क्षेत्रों में सुरक्षा अभियानों का नेतृत्व किया और अपनी रणनीतिक क्षमता से अलग पहचान बनाई।
बस्तर में नक्सल विरोधी अभियानों का प्रमुख चेहरा
सुंदरराज पी को छत्तीसगढ़ में नक्सल विरोधी अभियानों के सबसे अनुभवी और प्रभावशाली अधिकारियों में गिना जाता है। उनके नेतृत्व में सुरक्षा बलों ने बस्तर के दुर्गम इलाकों में लगातार अभियान चलाकर माओवादी गतिविधियों पर प्रभावी नियंत्रण स्थापित किया।
उन्होंने केवल सशस्त्र कार्रवाई तक खुद को सीमित नहीं रखा, बल्कि खुफिया तंत्र को मजबूत करने, स्थानीय युवाओं को सुरक्षा व्यवस्था से जोड़ने, नए सुरक्षा कैंप स्थापित करने और विकास कार्यों को गति देने पर भी विशेष ध्यान दिया। उनकी रणनीति के चलते सुरक्षा बलों की पहुंच उन क्षेत्रों तक बढ़ी, जहां पहले पहुंचना बेहद कठिन माना जाता था।
सूत्रों के मुताबिक, उनके कार्यकाल में बड़ी संख्या में नक्सलियों ने आत्मसमर्पण किया, जिससे क्षेत्र में शांति और सुरक्षा को मजबूती मिली। अबूझमाड़ जैसे दुर्गम इलाकों में स्थायी सुरक्षा कैंप स्थापित कर सुरक्षा बलों की मौजूदगी सुनिश्चित करने में भी उनका महत्वपूर्ण योगदान रहा।
केंद्र सरकार द्वारा देश की शीर्ष जांच एजेंसी NIA में उन्हें महत्वपूर्ण जिम्मेदारी सौंपा जाना उनके अनुभव, नेतृत्व क्षमता और कार्यकुशलता का बड़ा प्रमाण माना जा रहा है। माना जा रहा है कि अपनी नई भूमिका में सुंदरराज पी देशभर में आतंकी गतिविधियों और राष्ट्रीय सुरक्षा से जुड़े संवेदनशील मामलों की जांच में अहम भूमिका निभाएंगे।
उनकी इस नियुक्ति के बाद छत्तीसगढ़ पुलिस और सुरक्षा महकमे में चर्चा का माहौल है। बस्तर में नक्सल मोर्चे पर लंबे समय तक सक्रिय रहने वाले सुंदरराज पी को विदाई के साथ नई जिम्मेदारी के लिए शुभकामनाएं दी जा रही हैं।




