छत्तीसगढरायपुर

सेंट्रल GST की बड़ी कार्रवाई: 17 करोड़ से ज्यादा के फर्जी ITC घोटाले में कारोबारी जयदीप सिंह चंदेल गिरफ्तार

रायपुर(छत्तीसगढ़ उजाला)-सेंट्रल जीएसटी (CGGST) की टीम ने एक बार फिर बड़े जीएसटी फर्जीवाड़े का खुलासा करते हुए मध्यप्रदेश के कारोबारी जयदीप सिंह चंदेल को गिरफ्तार किया है। आरोपी को रायपुर की अदालत में पेश किया गया, जहां से उसे 14 दिनों की न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया है। विभाग इस मामले को फर्जी बिलिंग और कर चोरी के संगठित नेटवर्क से जोड़कर देख रहा है।

सीजीजीएसटी अधिकारियों के अनुसार, मेरिडियन स्टील्स एंड इंफ्रा प्राइवेट लिमिटेड और उसके संचालक जयदीप सिंह चंदेल पर फर्जी इनवॉइस के जरिए करोड़ों रुपये का अवैध इनपुट टैक्स क्रेडिट (ITC) हासिल करने का आरोप है। विभाग को सूचना मिली थी कि कंपनी बिना वास्तविक माल की खरीद-बिक्री किए केवल कागजी लेन-देन के आधार पर टैक्स लाभ ले रही है।

इसी सूचना के आधार पर 28 नवंबर 2025 को कंपनी के विभिन्न ठिकानों पर सर्च और जांच की कार्रवाई की गई। इस दौरान टीम ने कई महत्वपूर्ण दस्तावेज, डिजिटल रिकॉर्ड और वित्तीय लेन-देन से जुड़े साक्ष्य जब्त किए।

जांच में सामने आया कि वित्तीय वर्ष 2025-26 के दौरान कंपनी ने कथित तौर पर फर्जी और अस्तित्वहीन फर्मों से प्राप्त बिलों के आधार पर करीब 15.14 करोड़ रुपये का अवैध ITC लिया। वहीं, जीएसटी रिटर्न की पड़ताल में लगभग 1.98 करोड़ रुपये के अतिरिक्त टैक्स लाभ का मामला भी उजागर हुआ। इस तरह कंपनी पर कुल 17.13 करोड़ रुपये से अधिक का फर्जी ITC लेने का आरोप लगाया गया है।

पूछताछ के दौरान जयदीप सिंह चंदेल का बयान भी दर्ज किया गया। दस्तावेजों के अनुसार, उन्होंने DRC-03 के तहत 19.98 लाख रुपये जमा कराए हैं। विभाग का कहना है कि जिन फर्मों के माध्यम से टैक्स क्रेडिट लिया गया, उनमें से कई के जीएसटी पंजीकरण पहले ही निरस्त (रद्द) किए जा चुके थे।

सीजीजीएसटी का मानना है कि यह मामला केवल एक कंपनी तक सीमित नहीं है, बल्कि इसके पीछे फर्जी बिलिंग और कर चोरी का बड़ा नेटवर्क सक्रिय हो सकता है। फिलहाल जांच जारी है और एजेंसियां इससे जुड़े अन्य व्यक्तियों एवं कंपनियों की भूमिका की भी पड़ताल कर रही हैं। अधिकारियों का कहना है कि आने वाले दिनों में इस मामले में और बड़े खुलासे हो सकते हैं।

प्रशांत गौतम

Related Articles

Back to top button