माँ दक्षिण काली मंदिर आमानाका में महादेव का विशेष शीतल श्रृंगार

माँ दक्षिण काली मंदिर में महादेव का विशेष शीतल श्रृंगार
रायपुर, छत्तीसगढ़ उजाला। राजधानी रायपुर में पड़ रही भीषण गर्मी से आमजन के साथ-साथ धार्मिक स्थलों में भी विशेष व्यवस्थाएं की जा रही हैं। इसी क्रम में आमानाका स्थित माँ दक्षिण काली मंदिर में देवों के देव भगवान शिव का विशेष शीतल श्रृंगार किया गया।
मंदिर प्रबंधन द्वारा शिवलिंग को गर्मी से राहत प्रदान करने के उद्देश्य से बर्फ की परतों तथा हरे-भरे पत्तों से आकर्षक रूप से सजाया गया। इस अनूठे श्रृंगार को देखने के लिए बड़ी संख्या में श्रद्धालु मंदिर पहुंचे और भगवान भोलेनाथ का पूजन-अर्चन कर सुख, समृद्धि एवं उत्तम स्वास्थ्य की कामना की।

मंदिर परिसर में बनाए गए इस शीतल वातावरण ने श्रद्धालुओं का मन मोह लिया। श्रद्धालुओं का कहना है कि भीषण गर्मी के इस दौर में भगवान शिव को शीतलता प्रदान करने की यह परंपरा भारतीय संस्कृति एवं सनातन आस्था का सुंदर उदाहरण है।
मंदिर प्रबंधन समिति के अनुसार ग्रीष्मकाल के दौरान प्रतिवर्ष भगवान शिव का विशेष शीतल श्रृंगार किया जाता है। इसके तहत शिवलिंग पर जलाभिषेक के साथ बर्फ, बेलपत्र एवं हरे पत्तों से सजावट की जाती है, जिससे भक्तों को भी आध्यात्मिक शांति और सुकून का अनुभव होता है।

इस अवसर पर मंदिर में विशेष पूजा-अर्चना की गई तथा श्रद्धालुओं ने भगवान महादेव से प्रदेश एवं देश में सुख-शांति और समृद्धि की प्रार्थना की। राजधानी में बढ़ते तापमान के बीच माँ दक्षिण काली मंदिर का यह विशेष शीतल श्रृंगार श्रद्धालुओं के आकर्षण का केंद्र बना हुआ है।




