खेलछत्तीसगढबिलासपुर

बिलासपुर के अवी ने जापान में लहराया तिरंगा, गोल्ड जीतने वाले हॉकी स्टार का बिलासपुर में भव्य स्वागत

बिलासपुर(छत्तीसगढ़ उजाला)-जापान में आयोजित अंडर-18 हॉकी एशिया कप में भारतीय टीम की ऐतिहासिक सफलता के नायक बने बिलासपुर के युवा खिलाड़ी अवी मानिकपुरी का शहर आगमन पर जोरदार और भव्य स्वागत किया गया। कुदुदंड निवासी अवी ने भारत का प्रतिनिधित्व करते हुए टीम को स्वर्ण पदक दिलाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई, जिससे पूरे शहर में गर्व और उत्साह का माहौल है।

अवी मानिकपुरी को बिलासपुर का पहला ऐसा हॉकी खिलाड़ी माना जा रहा है, जिन्होंने महान हॉकी खिलाड़ी क्लॉडियस के बाद अंतरराष्ट्रीय स्तर पर शहर का नाम रोशन किया है। उनकी इस उपलब्धि ने न केवल बिलासपुर बल्कि पूरे छत्तीसगढ़ को गौरवान्वित किया है।

विभिन्न सामाजिक संगठनों और खेल प्रेमियों ने अवी का फूल-मालाओं और स्मृति चिन्ह भेंट कर सम्मान किया। इस अवसर पर छत्तीसगढ़ भाजपा प्रदेश कार्य समिति के सदस्य अमरजीत सिंह दुआ ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की ‘खेलो इंडिया’ योजना ने देश के कोने-कोने में छिपी प्रतिभाओं को राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय मंच तक पहुंचाने का कार्य किया है।

उन्होंने कहा कि अवी मानिकपुरी ने भोपाल में खेलो इंडिया के तहत प्रशिक्षण प्राप्त किया और आज एशिया कप में भारत को स्वर्ण पदक दिलाकर यह साबित कर दिया कि गांवों और छोटे शहरों में भी अपार प्रतिभाएं मौजूद हैं। उन्होंने कहा कि केंद्र और राज्य सरकार दोनों खेल प्रतिभाओं को आगे बढ़ाने के लिए लगातार प्रयास कर रही हैं।

अमरजीत सिंह दुआ ने यह भी बताया कि शहर विधायक अमर अग्रवाल खेल गतिविधियों को बढ़ावा देने के लिए लगातार कार्य कर रहे हैं। उन्होंने कहा कि अवी ने कम उम्र में भारत को गोल्ड मेडल दिलाकर पूरे शहर को गौरवान्वित किया है और युवाओं के लिए प्रेरणा का नया उदाहरण प्रस्तुत किया है।

सम्मान समारोह में बिलासपुर हॉकी संघ के अध्यक्ष रोहित बाजपेई, प्रदेश हॉकी संघ के महासचिव मनीष श्रीवास्तव, कमल जैन सहित बड़ी संख्या में खेल प्रेमी और स्थानीय नागरिक मौजूद रहे।

इस दौरान रोहित मिश्रा ने कुदुदंड की गलियों से अंतरराष्ट्रीय हॉकी तक पहुंचे अवी मानिकपुरी के संघर्ष और मेहनत की प्रेरणादायक कहानी साझा की। उन्होंने बचपन से लेकर एशिया कप तक के सफर को याद करते हुए बताया कि कठिन परिस्थितियों के बावजूद अवी ने अपने जुनून और समर्पण के दम पर यह मुकाम हासिल किया। कार्यक्रम का सफल संचालन भी रोहित मिश्रा ने किया।

कुदुदंड में आयोजित इस सम्मान समारोह में बड़ी संख्या में नागरिकों और खेल प्रेमियों की उपस्थिति ने यह साबित कर दिया कि बिलासपुर अपने इस होनहार बेटे की उपलब्धि पर गर्व महसूस कर रहा है।

प्रशांत गौतम

Related Articles

Back to top button