*पूर्व विधानसभा अध्यक्ष कौशिक का मोबाइल छीन कर भागने वाला पकड़ाया, महज 12 घंटे में पुलिस की मेहनत रंग लाई*
छत्तीसगढ़ उजाला

रायपुर (छत्तीसगढ़ उजाला)। राजधानी में सोमवार सुबह पूर्व विधानसभा अध्यक्ष एवं विधायक धरमलाल कौशिक से मोबाइल छीनने की घटना से पुलिस महकमे में हड़कंप मच गया। देश के गृह मंत्री के प्रदेश दौरे के बीच हुई इस वारदात को पुलिस ने गंभीरता से लेते हुए महज आठ घंटे के भीतर आरोपी को गिरफ्तार कर लिया। पुलिस ने आरोपी के कब्जे से छीना गया मोबाइल फोन और घटना में प्रयुक्त मोटरसाइकिल भी बरामद कर ली है।
क्या है मामला:-
जानकारी के अनुसार सोमवार सुबह करीब 7:15 बजे धरमलाल कौशिक मॉर्निंग वॉक के लिए अपने शासकीय निवास से निकले थे। इसी दौरान पीडब्ल्यूडी आर्च ब्रिज के नीचे एक अज्ञात बाइक सवार युवक ने उनका मोबाइल फोन छीन लिया और मौके से फरार हो गया।
घटना की सूचना मिलते ही पुलिस के वरिष्ठ अधिकारी मौके पर पहुंचे और तत्काल क्राइम ब्रांच तथा संबंधित थानों की संयुक्त टीमों को जांच में लगाया गया।
सैकड़ों सीसीटीवी कैमरों के फुटेज खंगाले
पुलिस टीम ने घटनास्थल और संभावित मार्गों में लगे सैकड़ों सीसीटीवी कैमरों के फुटेज खंगाले। तकनीकी विश्लेषण और ह्यूमन इंटेलिजेंस की मदद से आरोपी की लगातार तलाश की गई। त्वरित कार्रवाई करते हुए पुलिस ने घटना के करीब आठ घंटे के भीतर आरोपी को हिरासत में ले लिया।
आरोपी की पहचान
गिरफ्तार आरोपी की पहचान मणिकांत ध्रुव (19) के रूप में हुई है। वह मूलतः बलौदाबाजार-भाटापारा जिले का रहने वाला है और वर्तमान में रायपुर के खम्हारडीह थाना क्षेत्र स्थित राजीव नगर में रह रहा था। पूछताछ में पता चला है कि आरोपी यदा-कदा रैपिडो चलाने का काम भी करता था।




