छत्तीसगढ

भाजपा का मिशन 2026: संगठन को धार देने जिला प्रशिक्षण वर्ग की तैयारी तेज


“प्रशिक्षण से तैयार होंगे विचारवान और मजबूत कार्यकर्ता” — जसविंदर सिंह बग्गा


मुंगेली(छत्तीसगढ़ उजाला)-भारतीय जनता पार्टी ने आगामी राजनीतिक रणनीति और संगठनात्मक मजबूती को लेकर तैयारियां तेज कर दी हैं। इसी कड़ी में 12 एवं 13 मई को आयोजित होने वाले जिला प्रशिक्षण वर्ग की तैयारियों को लेकर भाजपा कार्यालय अटल परिसर, मुंगेली में महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की गई। बैठक में संगठन विस्तार, कार्यकर्ताओं की भूमिका और प्रशिक्षण वर्ग की रूपरेखा पर गहन मंथन हुआ।


बैठक में वर्ग प्रभारी एवं प्रदेश प्रवक्ता जसविंदर सिंह बग्गा ने कार्यकर्ताओं को संबोधित करते हुए कहा कि “प्रशिक्षण ही कार्यकर्ता के व्यक्तित्व, विचार और संगठनात्मक क्षमता का वास्तविक आधार है। भाजपा का प्रशिक्षण वर्ग केवल औपचारिक कार्यक्रम नहीं, बल्कि वैचारिक और संगठनात्मक निर्माण की कार्यशाला है।”


उन्होंने कहा कि भाजपा अपने कार्यकर्ताओं को केवल राजनीति नहीं, बल्कि समाज और राष्ट्र निर्माण की सोच भी देती है। प्रशिक्षण वर्ग से प्राप्त ज्ञान, अनुशासन और अनुभव ही संगठन को मजबूती प्रदान करते हैं। बग्गा ने स्पष्ट कहा कि वर्ग सुविधायुक्त हो सकता है, लेकिन उसमें सादगी और अनुशासन सर्वोपरि होना चाहिए।


बैठक में जिला प्रभारी ज्योतिनंद दुबे और मुंगेली विधायक पुन्नूलाल मोहले ने भी कार्यकर्ताओं में ऊर्जा भरते हुए आगामी कार्यक्रमों को लेकर सक्रियता बढ़ाने का आह्वान किया। विधायक मोहले ने कहा कि भाजपा का प्रशिक्षण मॉडल कार्यकर्ताओं को सामाजिक, राजनीतिक और व्यवहारिक जीवन में नेतृत्व क्षमता प्रदान करता है। उन्होंने मुख्यमंत्री के प्रस्तावित मुंगेली दौरे को लेकर भी कार्यकर्ताओं से पूरी ताकत के साथ तैयारियों में जुटने की अपील की।


बैठक में जिला पंचायत अध्यक्ष श्रीकांत पांडे, प्रदेश कार्यसमिति सदस्य गिरीश शुक्ला, शैलेष पाठक, नरेंद्र शर्मा, राजेंद्र वैष्णव, अनुसूचित जाति मोर्चा अध्यक्ष शिवकुमार बंजारा, नगर पंचायत अध्यक्ष वर्षा विक्रम सिंह सहित बड़ी संख्या में भाजपा पदाधिकारी और कार्यकर्ता उपस्थित रहे।
कार्यक्रम में स्वागत भाषण जिला अध्यक्ष दीनानाथ केशरवानी ने दिया। संचालन महामंत्री कैलाश सिंह ठाकुर ने किया, जबकि आभार प्रदर्शन महामंत्री गुरमीत सलूजा ने किया।

प्रशांत गौतम

Related Articles

Back to top button