छत्तीसगढ

सूरजपुर में ACB-EOW की बड़ी कार्रवाई: 25 हजार की रिश्वत लेते पटवारी रंगे हाथ गिरफ्तार

सूरजपुर(छत्तीसगढ़ उजाला)-छत्तीसगढ़ के सूरजपुर जिले में भ्रष्टाचार के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए एंटी करप्शन ब्यूरो (ACB) और आर्थिक अपराध अन्वेषण शाखा (EOW) की संयुक्त टीम ने एक पटवारी को रिश्वत लेते हुए रंगे हाथ पकड़ लिया। आरोपी पटवारी सौरभ गोस्वामी को 25 हजार रुपये की घूस लेते गिरफ्तार किया गया, जिससे प्रशासनिक महकमे में हड़कंप मच गया है।


जानकारी के अनुसार, आरोपी ग्राम सेन्धोपारा, तहसील प्रतापपुर का निवासी है। उस पर आरोप है कि उसने भूमि नामांतरण और पटवारी प्रतिवेदन तैयार करने के बदले रिश्वत की मांग की थी। पीड़ित रूप सिंह, निवासी ग्राम मरहटा, ने इसकी शिकायत अंबिकापुर स्थित ACB-EOW कार्यालय में दर्ज कराई थी।


शिकायत में बताया गया कि उनकी और उनकी बहन की जमीन का अधिग्रहण महामाया कोयला खदान, जरही द्वारा किया गया था, जिसके बाद नामांतरण और नौकरी प्रक्रिया के लिए पटवारी रिपोर्ट जरूरी थी। इसी रिपोर्ट के एवज में पटवारी ने 25 हजार रुपये की मांग की।


पीड़ित रिश्वत देने के बजाय आरोपी को कानून के शिकंजे में लाना चाहता था। शिकायत की प्राथमिक जांच में आरोप सही पाए जाने पर ACB-EOW ने ट्रैप प्लान तैयार किया।
22 अप्रैल 2026 को टीम ने जाल बिछाया और जैसे ही पटवारी ने रिश्वत की रकम ली, उसे मौके पर ही दबोच लिया गया। टीम ने घूस की पूरी रकम भी बरामद कर ली।


गिरफ्तारी के बाद पूछताछ में आरोपी ने रिश्वत लेने की बात स्वीकार कर ली है। फिलहाल उसे हिरासत में लेकर आगे की कानूनी कार्रवाई की जा रही है। साथ ही यह भी जांच की जा रही है कि क्या वह अन्य मामलों में भी इस तरह की अवैध गतिविधियों में शामिल था।


इस कार्रवाई से सरकारी विभागों में स्पष्ट संदेश गया है कि भ्रष्टाचार किसी भी हाल में बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। ACB अधिकारियों ने आम नागरिकों से अपील की है कि यदि कोई भी अधिकारी रिश्वत की मांग करता है, तो तुरंत इसकी शिकायत करें।
स्थानीय लोगों ने इस कार्रवाई का स्वागत करते हुए कहा कि ऐसे सख्त कदमों से सरकारी कामकाज में पारदर्शिता बढ़ेगी और भ्रष्टाचार पर लगाम लगेगी।

प्रशांत गौतम

Related Articles

Back to top button