
रायपुर(छत्तीसगढ़ उजाला)-पूज्य छत्तीसगढ़ सिंधी सेवा महापंचायत महिला विंग की कार्यकारी अध्यक्ष राशि बलवानी ने महिला आरक्षण को लेकर विपक्ष पर जोरदार हमला बोला है। उन्होंने कहा कि “नारी शक्ति वंदन अधिनियम” देश की आधी आबादी को उनका संवैधानिक अधिकार दिलाने वाला ऐतिहासिक कदम था, लेकिन विपक्ष ने इसका विरोध कर महिलाओं के हक को दबाने का काम किया।
राशि बलवानी ने आरोप लगाया कि भारतीय राष्ट्रीय कांग्रेस सहित समूचा विपक्ष महिलाओं के अधिकारों के खिलाफ खड़ा नजर आया है। उनके अनुसार, संसद में इस विधेयक के खिलाफ मतदान करना न केवल दुर्भाग्यपूर्ण है, बल्कि यह विपक्ष की महिला विरोधी सोच को भी उजागर करता है।
उन्होंने कहा कि नरेंद्र मोदी सरकार ने “नारी शक्ति वंदन अधिनियम” के जरिए महिलाओं को सशक्त बनाने और सामाजिक सोच में सकारात्मक बदलाव लाने का प्रयास किया था। लेकिन विपक्ष का रवैया यह दिखाता है कि वह महिलाओं को उनका हक दिलाने के पक्ष में नहीं है।
राशि बलवानी ने अंत में कहा कि देश की महिलाएं इस रुख को समझ चुकी हैं और आने वाले समय में इसका जवाब जरूर देंगी।




