*राइस मिल में लापरवाही ने छीनी मजदूर की जान, आक्रोशित परिजनों का फूटा गुस्सा*
छत्तीसगढ़ उजाला

तखतपुर (छत्तीसगढ़ उजाला)। तखतपुर क्षेत्र के खपरी स्थित श्री शिवाय राइस मिल में शुक्रवार दोपहर करीब 3 बजे हुई दर्दनाक घटना ने एक बार फिर मजदूरों की सुरक्षा व्यवस्था पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं। मजदूर राकेश केवट पिता रमेश केवट (35 वर्ष) नामक मजदूर की धान की बोरियों के ढेर के नीचे दबकर मौत हो गई, और इसके बाद पूरे इलाके में आक्रोश का माहौल है।
प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, राकेश केवट रोज की तरह राइस मिल में काम कर रहा था, तभी ओवरलोड के कारण ऊपर से धान की बोरियों का भारी ढेर अचानक गिर पड़ा। यह हादसा इतना भयावह था कि उसे बाहर निकालने में काफी समय लग गया। गंभीर हालत में उसे सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र ले जाया गया, लेकिन तब तक बहुत देर हो चुकी थी। डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया।
मृतक के परिजनों का आरोप है कि यह कोई हादसा नहीं, बल्कि साफ तौर पर प्रबंधन की लापरवाही का नतीजा है। उनका कहना है कि राइस मिल में सुरक्षा के नाम पर कुछ भी नहीं है न कोई सेफ्टी उपकरण, न ही मानक नियमों का पालन। मजदूरों से जान जोखिम में डालकर काम कराया जा रहा था।
घटना के बाद परिजनों और स्थानीय लोगों में भारी आक्रोश देखने को मिला। उन्होंने राइस मिल संचालक के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग करते हुए कहा कि जब तक जिम्मेदारों पर कड़ी कार्रवाई नहीं होगी, ऐसे हादसे होते रहेंगे। गुस्साए लोगों ने प्रशासन से तत्काल हस्तक्षेप की मांग की है।
मृतक युवक अपने पीछे पत्नी और तीन मासूम बच्चों को छोड़ गया है, जिनके सामने अब जीवन यापन का संकट खड़ा हो गया है। परिजनों ने उचित मुआवजे और परिवार के भरण-पोषण की जिम्मेदारी लेने की मांग की है। फिलहाल पुलिस जांच की बात कह रही है, लेकिन बड़ा सवाल यही है कि आखिर कब तक जांच के नाम पर जिम्मेदार बचते रहेंगे और मजदूर अपनी जान गंवाते रहेंगे? स्थानीय लोगों ने चेतावनी दी है कि अगर जल्द कार्रवाई नहीं हुई, तो आंदोलन किया जाएगा।



