ब्रेकिंग न्यूज

“जिले को पूर्ण साक्षर बनाने की तैयारी तेज: राष्ट्रव्यापी महा परीक्षा अभियान के लिए जिला शिक्षा अधिकारी ने ली समीक्षा बैठक”


गौरेला-पेंड्रा-मरवाही(छत्तीसगढ़ उजाला)-राष्ट्रीय शिक्षा नीति 2020 के तहत संचालित उल्लास नवभारत साक्षरता कार्यक्रम के अंतर्गत आगामी 22 मार्च 2026 को आयोजित होने वाली राष्ट्रव्यापी महा परीक्षा को सफल बनाने के लिए जिला स्तर पर तैयारियां तेज कर दी गई हैं। राज्य साक्षरता मिशन प्राधिकरण रायपुर के निर्देशानुसार इस अभियान को प्रभावी ढंग से संचालित करने हेतु आज जिला शिक्षा एवं प्रशिक्षण संस्थान (डायट) पेंड्रा में समीक्षा बैठक आयोजित की गई।
बैठक में जिला शिक्षा अधिकारी रजनीश तिवारी ने जिले के सभी विकासखंड शिक्षा अधिकारियों, विकासखंड स्त्रोत समन्वयकों तथा संकुल शैक्षिक समन्वयकों को आवश्यक दिशा-निर्देश देते हुए कहा कि जिले को शत-प्रतिशत साक्षर बनाने के लक्ष्य के साथ अधिक से अधिक शिक्षार्थियों को महापरीक्षा में शामिल कराया जाए। उन्होंने बताया कि राज्य द्वारा निर्धारित लक्ष्य के अनुरूप जिले में साक्षरता का वातावरण तैयार करने के लिए व्यापक जनजागरूकता अभियान चलाया जाएगा।
उन्होंने निर्देश दिए कि ग्राम स्तर पर दीवार लेखन, जनजागरूकता रैली, तथा सामाजिक सहभागिता के माध्यम से लोगों को इस अभियान से जोड़ा जाए। साथ ही ग्राम पंचायत प्रतिनिधियों, पालकों और समाजसेवियों का सहयोग लेकर अधिक से अधिक शिक्षार्थियों को परीक्षा में सम्मिलित कराया जाए।
बैठक में जिला पंचायत के मुख्य कार्यपालन अधिकारी एवं जिला साक्षरता मिशन प्राधिकरण के उपाध्यक्ष मुकेश रावटे भी उपस्थित रहे। उन्होंने सभी अधिकारियों को संबोधित करते हुए कहा कि 22 मार्च को आयोजित होने वाली महापरीक्षा में अधिक से अधिक शिक्षार्थियों की भागीदारी सुनिश्चित कर जिले को निरक्षरता रूपी अभिशाप से मुक्त करना हम सभी की सामूहिक जिम्मेदारी है। उन्होंने सभी से इस पुनीत अभियान में सहभागी बनने और जन-जन को साक्षरता की ओर प्रेरित करने का आह्वान किया।
राज्य साक्षरता मिशन प्राधिकरण द्वारा आयोजित इस महा परीक्षा में अधिकाधिक शिक्षार्थियों की उपस्थिति सुनिश्चित करने के लिए गांव-गांव में सकारात्मक माहौल बनाने पर भी जोर दिया गया। कार्यक्रम के अंत में मुख्य कार्यपालन अधिकारी जिला पंचायत द्वारा उपस्थित सभी अधिकारियों और कर्मचारियों को उल्लास साक्षरता शपथ दिलाई गई।
इस अवसर पर विकासखंड शिक्षा अधिकारी पेंड्रा एस.एन. सिंह, बीआरसी पेंड्रा राम कुमार बघेल, गौरेला संतोष सोनी, मरवाही अजय राय, नोडल साक्षरता मुकेश कोरी, सहायक नोडल साक्षरता संजय गुप्ता, विकासखंड नोडल अधिकारी गौरेला आलोक शुक्ला, पेंड्रा राकेश चौधरी तथा मरवाही संजय टांडिया सहित तीनों विकासखंडों के संकुल शैक्षिक समन्वयक उपस्थित रहे।

प्रशांत गौतम

Related Articles

Back to top button