
रायपुर(छत्तीसगढ़ उजाला)-Ministry of Home Affairs (एमएचए) ने देशभर के विभिन्न कैडरों के आईपीएस अधिकारियों को केंद्र सरकार में आईजी (IG) रैंक पर इम्पैनल किया है। जारी नई सूची में कुल 13 आईपीएस अधिकारियों को शामिल किया गया है, जिनमें छत्तीसगढ़ कैडर के 2005 बैच के वरिष्ठ आईपीएस अधिकारी ध्रुव गुप्ता का नाम भी प्रमुखता से शामिल है।
केंद्रीय आदेश के अनुसार, पैनल में शामिल अधिकारियों को अब केंद्र सरकार में प्रतिनियुक्ति (डेपुटेशन) पर जाने पर सीधे आईजी रैंक में पदस्थ किया जाएगा। यह निर्णय प्रधानमंत्री Narendra Modi की अध्यक्षता वाली Appointments Committee of the Cabinet (एसीसी) के प्रस्ताव पर लिया गया है।
पुलिस-I डिवीजन ने जारी किया आदेश
गृह मंत्रालय के पुलिस-I डिवीजन (IPS-IV Section) द्वारा जारी आदेश में अधिकारियों का चयन विभिन्न विचार-श्रेणियों — प्रथम समीक्षा, द्वितीय समीक्षा और प्रारंभिक स्थगन — के आधार पर किया गया है। इस इम्पैनलमेंट को अधिकारियों के कैरियर की बड़ी उपलब्धि माना जाता है।
प्रभावशाली रहा है ध्रुव गुप्ता का करियर
वर्तमान में ध्रुव गुप्ता रायपुर पुलिस मुख्यालय में आईजी सीआईडी के पद पर पदस्थ हैं। उन्हें सीसीटीएनएस/एससीआरबी और तकनीकी सेवाओं का अतिरिक्त प्रभार भी सौंपा गया है।
2 मई 1980 को जन्मे ध्रुव गुप्ता मूलतः दिल्ली के निवासी हैं। उन्होंने अर्थशास्त्र में स्नातकोत्तर डिग्री हासिल की और संघ लोक सेवा आयोग (UPSC) परीक्षा उत्तीर्ण कर आईपीएस सेवा में प्रवेश किया।
प्रशिक्षु आईपीएस के रूप में उन्होंने गौरेला थाना प्रभारी के तौर पर सेवाएं दीं। इसके बाद वे बिलासपुर सिविल लाइन सीएसपी, महासमुंद एसपी और सेनानी, 7वीं वाहिनी, छत्तीसगढ़ सशस्त्र बल, भिलाई जैसे महत्वपूर्ण पदों पर कार्यरत रहे।
वे लंबे समय तक Intelligence Bureau में प्रतिनियुक्ति पर रहे, जहां उनकी कार्यशैली और ईमानदारी की सराहना हुई। आईबी में कार्यरत रहते हुए ही उन्हें डीआईजी से आईजी रैंक का प्रोफार्मा प्रमोशन राज्य सरकार द्वारा प्रदान किया गया। मई 2025 से वे आईजी सीआईडी, पुलिस मुख्यालय रायपुर के पद पर कार्यरत हैं।
इम्पैनलमेंट का महत्व
केंद्र में आईजी रैंक पर इम्पैनलमेंट का प्रशासनिक दृष्टि से विशेष महत्व है। इससे चयनित अधिकारी केंद्र सरकार में महत्वपूर्ण और संवेदनशील जिम्मेदारियां निभा सकेंगे। यह निर्णय न केवल वरिष्ठ अधिकारियों की पेशेवर प्रगति के लिए अहम है, बल्कि राज्य और केंद्र के बीच प्रशासनिक समन्वय को भी मजबूत करेगा।
ध्रुव गुप्ता का चयन छत्तीसगढ़ पुलिस के लिए गर्व का विषय माना जा रहा है।





