
रायपुर(छत्तीसगढ़ उजाला)-छत्तीसगढ़ शासन के सामान्य प्रशासन विभाग ने बड़ी कार्रवाई करते हुए बलरामपुर-रामानुजगंज जिले के कुसमी के डिप्टी कलेक्टर एवं अनुविभागीय अधिकारी (राजस्व) करुण डहरिया को तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया है। यह निर्णय हत्या के एक प्रकरण में उनकी गिरफ्तारी के बाद लिया गया है।
जारी आदेश के अनुसार, थाना कोदोंथा, जिला बलरामपुर-रामानुजगंज में दर्ज अपराध क्रमांक 03/2026 के तहत भारतीय न्याय संहिता की धाराओं 103(1), 115(2) एवं 3(5) के अंतर्गत 16 फरवरी 2026 को करुण डहरिया को गिरफ्तार किया गया। न्यायालय के निर्देश पर उन्हें जिला जेल रामानुजगंज में निरुद्ध किया गया है।
क्या है मामला?
घटना ग्राम हंसपुर, थाना कोदोंथा क्षेत्र की है। बॉक्साइट के कथित अवैध परिवहन की सूचना पर जांच के दौरान तीन व्यक्तियों के साथ मारपीट की घटना हुई थी। इस दौरान 62 वर्षीय राम उर्फ रामनरेश की गंभीर चोटों के कारण मृत्यु हो गई। मामले की विस्तृत रिपोर्ट कलेक्टर बलरामपुर-रामानुजगंज द्वारा शासन को भेजी गई थी, जिसके आधार पर कार्रवाई की गई।
शासन का आदेश
छत्तीसगढ़ सिविल सेवा (वर्गीकरण, नियंत्रण तथा अपील) नियम, 1966 के प्रावधानों के तहत करुण डहरिया को निलंबित किया गया है। निलंबन अवधि में उनका मुख्यालय कार्यालय आयुक्त, सरगुजा संभाग, अंबिकापुर निर्धारित किया गया है। इस अवधि में उन्हें नियमानुसार जीवन निर्वाह भत्ता (subsistence allowance) देय होगा।
इस घटनाक्रम से प्रशासनिक महकमे में हड़कंप मच गया है और पूरे मामले को लेकर क्षेत्र में चर्चा का माहौल है।



