रायपुर मरीन ड्राइव में वॉकर्स को बड़ी राहत, पार्किंग के लिए बनेगा निशुल्क ‘ग्रीन जोन’

रायपुर(छत्तीसगढ़ उजाला)
तेलीबांधा तालाब (मरीन ड्राइव) पर रोजाना मॉर्निंग और इवनिंग वॉक के लिए आने वाले नागरिकों को बड़ी राहत मिलने जा रही है। नगर निगम रायपुर ने यहां निशुल्क ‘ग्रीन जोन’ पार्किंग विकसित करने का निर्णय लिया है। इस योजना के तहत करीब 200 बाइक और 70 कारों के लिए सुरक्षित व मुफ्त पार्किंग सुविधा उपलब्ध कराई जाएगी, जिससे नियमित वॉकर्स को अब पार्किंग शुल्क नहीं देना पड़ेगा।
कमर्शियल दबाव से मिली निजात
मरीन ड्राइव क्षेत्र में रेस्टोरेंट, गेम जोन और अन्य व्यावसायिक गतिविधियों के बढ़ते दबाव के चलते स्थानीय निवासियों और वॉकर्स को लंबे समय से पार्किंग समस्या का सामना करना पड़ रहा था। सड़क किनारे वाहन खड़े होने से न केवल ट्रैफिक जाम की स्थिति बनती थी, बल्कि आए दिन ई-चालान भी कट रहे थे।
ग्रीन जोन पार्किंग बनने से वॉकर्स के पैसे भी बचेंगे और सड़क पर ट्रैफिक अव्यवस्था से स्थायी राहत मिलेगी।
वॉकर्स को प्राथमिकता, रेस्टोरेंट ग्राहकों से लिया जाएगा शुल्क
नगर निगम के सर्वे में सामने आया है कि शाम के समय मरीन ड्राइव पर वॉक के लिए आने वालों में औसतन 170 बाइक और 60 कारें होती हैं, जो कम समय के लिए पार्क रहती हैं।
नई योजना के तहत:नियमित वॉकर्स को ग्रीन जोन में मुफ्त पार्किंग,रेस्टोरेंट, गेम जोन और लंबे समय तक रुकने वाले वाहनों से पार्किंग शुल्क वसूला जाएगा,इससे तालाब क्षेत्र की सुंदरता बनी रहेगी और अनियंत्रित पार्किंग पर रोक लगेगी।
पुलिस बनाएगी रैंप, फुटपाथ का होगा स्मार्ट उपयोग
ट्रैफिक दबाव को कम करने के लिए पुलिस प्रशासन ने तालाब किनारे बने फुटपाथ पर रैंप निर्माण का प्रस्ताव दिया है।
इस व्यवस्था के तहत:दोपहिया वाहन रैंप के जरिए फुटपाथ पर व्यवस्थित ढंग से पार्क होंगे,मुख्य सड़क पूरी तरह खाली रहेगी
चारपहिया वाहनों की आवाजाही बाधित नहीं होगी
वीकेंड पर 1600 से अधिक लोग, ई-चालानों से मिलेगी राहत
सर्वे के अनुसार वीकेंड पर मरीन ड्राइव में 1600 से अधिक लोग पहुंचते हैं। वर्तमान में:सामान्य दिनों में 40–50 वीकेंड पर 70 तक ई-चालान कट रहे हैं
शनिवार-रविवार को शाम के समय करीब 600 बाइक और 100 कारें रोटेशन में पार्क होती हैं। ग्रीन जोन लागू होने से इन ई-चालानों में भारी कमी आने की उम्मीद है।
जल्द शुरू होगी मार्किंग, ट्रायल बेसिस पर लागू होगी योजना
नगर निगम और ट्रैफिक पुलिस संयुक्त रूप से जल्द ही स्थल का मुआयना कर ग्रीन जोन की मार्किंग शुरू करेंगे। रैंप निर्माण के बाद नई पार्किंग नीति को ट्रायल बेसिस पर लागू किया जाएगा।




