सरगुजा में धर्मांतरण का सनसनीखेज मामला, रिटायर्ड डिप्टी कलेक्टर ओमेगा टोप्पो गिरफ्तार

अंबिकापुर(छत्तीसगढ़ उजाला)
छत्तीसगढ़ के सरगुजा जिले में धर्मांतरण से जुड़े एक गंभीर मामले में पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए गांधी नगर थाना क्षेत्र के नमनाकला निवासी सेवानिवृत्त डिप्टी कलेक्टर ओमेगा टोप्पो को गिरफ्तार किया है। आरोप है कि उनके निवास पर लंबे समय से लोगों को धर्म परिवर्तन के लिए प्रेरित किया जा रहा था।
इस मामले में रोशन तिवारी द्वारा गांधी नगर थाना में शिकायत दर्ज कराई गई थी। शिकायत में कहा गया कि आरोपी ने हिंदू धर्म के विरुद्ध आपत्तिजनक टिप्पणियां कीं और लोगों को ईसाई धर्म अपनाने के लिए प्रोत्साहित किया। शिकायत की जांच के बाद पुलिस ने आरोपी के खिलाफ BNSS की धारा 270 एवं 299 तथा छत्तीसगढ़ धर्म स्वातंत्र्य अधिनियम की संबंधित धाराओं के तहत अपराध पंजीबद्ध किया।
पुलिस ने आरोपी ओमेगा टोप्पो को गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया, जहां से उसे न्यायिक अभिरक्षा में भेज दिया गया है। मामले की पुष्टि करते हुए अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक अमोलक सिंह ढिल्लों ने बताया कि 25 जनवरी 2026 को गांधी नगर थाना क्षेत्र से धर्मांतरण को लेकर शिकायत प्राप्त हुई थी। शिकायत की गंभीरता को देखते हुए तत्काल जांच शुरू की गई और साक्ष्यों के आधार पर कार्रवाई की गई।
एएसपी ने बताया कि फिलहाल मामले की विस्तृत जांच जारी है और इससे जुड़े अन्य पहलुओं की भी समीक्षा की जा रही है। उन्होंने स्पष्ट किया कि धार्मिक स्वतंत्रता का सम्मान किया जाता है, लेकिन किसी भी प्रकार का दबाव, प्रलोभन या जबरदस्ती कर धर्म परिवर्तन कराना कानूनन अपराध है और ऐसे मामलों में सख्त कार्रवाई की जाएगी।
स्थानीय नागरिकों का कहना है कि यह मामला क्षेत्र की धार्मिक एवं सामाजिक संवेदनशीलता को देखते हुए अत्यंत महत्वपूर्ण है। पुलिस अधिकारियों ने भरोसा दिलाया है कि पूरे प्रकरण की निगरानी वरिष्ठ अधिकारियों द्वारा की जा रही है और न्यायिक प्रक्रिया पूर्ण होने तक आरोपी के खिलाफ विधिसम्मत कार्रवाई जारी रहेगी। आवश्यकता पड़ने पर अन्य संबंधित व्यक्तियों की भूमिका की भी जांच की जाएगी।




