छत्तीसगढरायपुर

गणतंत्र दिवस पर छत्तीसगढ़ को गौरव, DG जेल हिमांशु गुप्ता समेत 25 अधिकारी राष्ट्रपति पदक से सम्मानित


रायपुर(छत्तीसगढ़ उजाला)-गणतंत्र दिवस के पावन अवसर पर छत्तीसगढ़ राज्य के लिए गर्व का क्षण सामने आया है। भारत सरकार द्वारा छत्तीसगढ़ के महानिदेशक (DG) जेल हिमांशु गुप्ता सहित पुलिस, जेल एवं सुधार सेवाओं से जुड़े कुल 25 अधिकारियों और कर्मचारियों को राष्ट्रपति पदक से सम्मानित किए जाने की घोषणा की गई है। यह घोषणा गणतंत्र दिवस से पूर्व की गई है।
DG जेल हिमांशु गुप्ता को उनके उत्कृष्ट प्रशासनिक योगदान और विशिष्ट सेवाओं के लिए राष्ट्रपति विशिष्ट सेवा पदक प्रदान किया जाएगा। वहीं, अन्य अधिकारियों और कर्मचारियों को सराहनीय सेवा पदक से सम्मानित किया जाएगा। सूची में पुलिस विभाग, जेल विभाग तथा सशस्त्र बलों के कई वरिष्ठ और समर्पित अधिकारी शामिल हैं, जिन्होंने कर्तव्यनिष्ठा और अनुकरणीय सेवा का परिचय दिया है।
इसके साथ ही, राज्य के 14 जांबाज पुलिस कर्मियों को वीरता पुरस्कार (गैलेंट्री अवॉर्ड) देने की भी घोषणा की गई है। इन वीर जवानों ने विशेष रूप से नक्सल प्रभावित क्षेत्रों में साहसिक अभियानों को अंजाम देते हुए असाधारण वीरता और शौर्य का प्रदर्शन किया है। इनमें से कुछ सम्मान शहीद जवानों को मरणोपरांत प्रदान किए जाएंगे, जो उनके सर्वोच्च बलिदान को नमन है।
सभी चयनित अधिकारियों और जवानों को 26 जनवरी को आयोजित राज्य स्तरीय गणतंत्र दिवस समारोह में औपचारिक रूप से सम्मानित किया जाएगा। यह सम्मान उनके समर्पण, निस्वार्थ सेवा और देश की आंतरिक सुरक्षा को मजबूत करने में दिए गए अमूल्य योगदान के लिए प्रदान किया जा रहा है।

प्रशांत गौतम

Related Articles

Back to top button