
रायपुर(छत्तीसगढ़ उजाला)
मुख्यमंत्री श्री विष्णु देव साय ने प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी को ओमान के सर्वोच्च नागरिक सम्मान “द फर्स्ट क्लास ऑफ़ द ऑर्डर ऑफ़ ओमान” से अलंकृत किए जाने पर इसे भारत के लिए अत्यंत गौरव, सम्मान और आत्मविश्वास से भर देने वाला ऐतिहासिक क्षण बताया है।
मुख्यमंत्री श्री साय ने कहा कि यह प्रतिष्ठित सम्मान प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी के दूरदर्शी नेतृत्व, वैश्विक प्रभाव और भारत की निरंतर बढ़ती अंतरराष्ट्रीय प्रतिष्ठा का सशक्त प्रमाण है। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री को प्राप्त यह 29वाँ अंतरराष्ट्रीय सम्मान केवल एक व्यक्ति का सम्मान नहीं, बल्कि उभरती हुई वैश्विक शक्ति के रूप में भारत की स्वीकार्यता और विश्व समुदाय में देश की मजबूत साख का उद्घोष है।
मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में भारत आज आत्मनिर्भर, निर्णायक और प्रभावशाली राष्ट्र के रूप में विश्व मंच पर नई दिशा प्रदान कर रहा है। आर्थिक, तकनीकी और सामरिक मजबूती के साथ-साथ भारत वैश्विक शांति, स्थिरता और सहयोग के क्षेत्र में भी नेतृत्वकारी भूमिका निभा रहा है।
मुख्यमंत्री श्री विष्णु देव साय ने कहा कि यह सम्मान प्रत्येक भारतीय के लिए गर्व का विषय है और यह भारत माता के मस्तक को गौरव से ऊँचा करता है। उन्होंने प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी को इस अद्वितीय अंतरराष्ट्रीय सम्मान के लिए हार्दिक बधाई एवं शुभकामनाएँ देते हुए विश्वास जताया कि उनके नेतृत्व में भारत निरंतर नई ऊँचाइयों को छूता रहेगा।




