छत्तीसगढरायपुर

सेवा के शिखर पर असमय विदा: वरिष्ठ आईपीएस प्रखर पांडेय का निधन

रायपुर(छत्तीसगढ़ उजाला)-छत्तीसगढ़ पुलिस के वरिष्ठ अधिकारी एवं आईपीएस प्रखर पांडेय का आज दोपहर लगभग 4:15 बजे निधन हो गया। जानकारी के अनुसार, उन्हें भिलाई में अचानक हृदयघात आया था, जिसके बाद 5 तारीख से रायपुर स्थित रामकृष्ण केयर हॉस्पिटल में भर्ती कर उनका इलाज किया जा रहा था। चिकित्सकों के लगातार प्रयासों के बावजूद उन्हें बचाया नहीं जा सका।

आईपीएस प्रखर पांडेय वर्तमान में पुलिस मुख्यालय रायपुर में उप पुलिस महानिरीक्षक (डीआईजी), सीआईडी के पद पर पदस्थ थे। अपने सेवाकाल के दौरान उन्होंने कई महत्वपूर्ण जिम्मेदारियों का कुशलतापूर्वक निर्वहन किया। वे कबीरधाम, सूरजपुर और दुर्ग जिले में पुलिस अधीक्षक के रूप में सेवाएं दे चुके थे, वहीं बिलासपुर और राजनांदगांव में अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक के पद पर भी कार्यरत रहे।

उनके आकस्मिक निधन से पूरे पुलिस विभाग में शोक की लहर दौड़ गई है। सहकर्मियों, वरिष्ठ अधिकारियों एवं कर्मचारियों ने उन्हें एक कर्तव्यनिष्ठ, अनुशासित और संवेदनशील अधिकारी के रूप में याद किया। छत्तीसगढ़ सेवानिवृत्त पुलिस अधिकारी कल्याण संघ के पदाधिकारियों ने भी उनके निधन पर गहरा शोक व्यक्त करते हुए दिवंगत आत्मा को भावभीनी श्रद्धांजलि अर्पित की है।

प्रखर पांडेय का यूं असमय जाना न केवल पुलिस विभाग, बल्कि राज्य के प्रशासनिक तंत्र के लिए भी एक अपूरणीय क्षति माना जा रहा है।

प्रशांत गौतम

Related Articles

Back to top button