CG Breaking News : बीजापुर में नक्सलियों की दरिंदगी—सड़क निर्माण ठेकेदार इम्तियाज़ अली का अपहरण के बाद बेरहमी से हत्या

बीजापुर(छत्तीसगढ़ उजाला)-छत्तीसगढ़ के बीजापुर जिले में नक्सली हिंसा का एक और दर्दनाक मामला सामने आया है। सड़क निर्माण कार्य में लगे ठेकेदार इम्तियाज़ अली का नक्सलियों ने अपहरण कर निर्ममता से हत्या कर दी। घटना रविवार शाम पामेड़ क्षेत्र में हुई, जब इम्तियाज़ काम से लौट रहे थे। इरापल्ली के पास नक्सलियों ने उन्हें रास्ते में ही रोककर बंधक बना लिया।
सुबह सड़क किनारे मिला शव, क्षेत्र में दहशत
सोमवार सुबह स्थानीय लोगों ने सड़क किनारे इम्तियाज़ का शव देखा और तुरंत पुलिस को सूचना दी। शव की हालत देखकर स्पष्ट है कि नक्सलियों ने उनकी बर्बर तरीके से हत्या की। घटना के बाद पामेड़ और आसपास के इलाके में दहशत का माहौल है।
पामेड़ एरिया कमेटी ने ली जिम्मेदारी
नक्सलियों की पामेड़ एरिया कमेटी ने पर्चा जारी कर हत्या की जिम्मेदारी ली है। पर्चे में लिखा है कि ठेकेदार “सरकारी विकास कार्यों में सहयोग” कर रहे थे, इसलिए उन्हें निशाना बनाया गया। यह घटना एक बार फिर दर्शाती है कि नक्सली लगातार विकास कार्यों को रोकने के लिए ठेकेदारों और मजदूरों को निशाना बना रहे हैं।
सड़क निर्माण फिर बाधित होने की आशंका
इरापल्ली–पामेड़ मार्ग का निर्माण पहले से ही नक्सली विरोध के चलते प्रभावित है। लगातार मिल रही धमकियों और अब इस हत्या के बाद निर्माण कार्य पर दोबारा ब्रेक लगने की आशंका बढ़ गई है।
पुलिस ने सर्च ऑपरेशन तेज किया
पुलिस टीम ने घटनास्थल से जरूरी सबूत जुटाए हैं। नक्सलियों की तलाश में इलाके में कॉम्बिंग और सर्च ऑपरेशन तेज कर दिए गए हैं। अधिकारियों का कहना है कि आरोपियों को जल्द गिरफ्तार किया जाएगा।
परिवार में मातम, प्रशासन ने जताया दुख
ठेकेदार इम्तियाज़ अली की मौत से परिवार में मातम पसरा है। स्थानीय प्रशासन ने घटना पर गहरा दुख व्यक्त करते हुए परिवार को हर संभव सहायता और क्षेत्र में सुरक्षा बढ़ाने का आश्वासन दिया है।




