ब्रेकिंग न्यूज

इंडिगो ने यात्रियों को दिया 610 करोड़ रिफंड,सरकार ने किराया नियंत्रण और रिबुकिंग पर रोक लगाई

दिल्ली। देश की सबसे बड़ी एयरलाइन इंडिगो द्वारा हालिया उड़ान रद्दीकरण के बाद यात्रियों को 610 करोड़ रुपए का रिफंड जारी किया जा चुका है। यह जानकारी नागर विमानन मंत्रालय ने रविवार को दी। सरकार ने एयरलाइन को आदेश दिया है कि रात 8 बजे तक सभी प्रभावित यात्रियों को पूरा रिफंड लौटा दिया जाए और पुनर्निर्धारित यात्रा पर किसी भी प्रकार का अतिरिक्त शुल्क न वसूला जाए।

मंत्रालय के अनुसार, यात्रियों की सहायता के लिए इंडिगो ने स्पेशल सपोर्ट सेल स्थापित किए हैं, ताकि रिफंड और री-बुकिंग से जुड़ी समस्याओं का त्वरित समाधान हो सके। मंत्रालय ने यह भी बताया कि इंडिगो का संचालन लगातार सामान्य हो रहा है
शुक्रवार को 706 उड़ानें संचालित हुईं,शनिवार को यह संख्या बढ़कर 1,565 पहुंची
रविवार रात तक 1,650 उड़ानें संचालित होने की संभावना जताई गई है


सरकार ने हालिया स्थिति के चलते हवाई किरायों में आई बढ़ोतरी पर भी तुरंत हस्तक्षेप करते हुए किराया सीमा लागू कर दी है, जिससे प्रभावित मार्गों पर किराया सामान्य और स्वीकार्य स्तर पर लौट आया है। सभी एयरलाइनों को इस संशोधित किराया संरचना का कड़ाई से पालन करने के निर्देश दिए गए हैं।

इंडिगो को यह भी आदेश दिया गया है कि रद्द उड़ानों से प्रभावित यात्रियों के सभी बिछड़े सामान को 48 घंटे के भीतर उनके पास पहुंचा दिया जाए। एयरलाइन ने शनिवार तक 3,000 बैग यात्रियों को सफलतापूर्वक सौंप दिए हैं।

दिल्ली, मुंबई, बेंगलुरु, चेन्नई, हैदराबाद, अहमदाबाद और गोवा के हवाईअड्डा निदेशकों ने रविवार को जानकारी दी कि सभी टर्मिनल पूरी तरह सामान्य स्थिति में हैं। यात्रियों की आवाजाही सुचारू है और कहीं भी चेक-इन, सुरक्षा या बोर्डिंग पॉइंट पर भीड़ की समस्या नहीं है।

प्रशांत गौतम

Related Articles

Back to top button