रायपुर

*गहरी साजिश : पेटी में पुलिस को मिला युवक का शव, हत्या के पीछे गहरी साजिश, प्रेम प्रसंग और रंजिश पर नजरें*

छत्तीसगढ़ उजाला

 

रायपुर (छत्तीसगढ़ उजाला)। डीडीनगर थाना क्षेत्र स्थित इंद्रप्रस्थ फेस-2 में सोमवार को मिली अज्ञात युवक की लाश ने पूरे शहर को झकझोर कर रख दिया है। सुनसान इलाके में ट्रॉली बैग और बंद पेटी में मिले शव ने मेरठ में दो महीने पहले हुए चर्चित हत्याकांड की याद ताजा कर दी है। हत्या की बर्बरता, शव को छिपाने की योजना और उसे ठिकाने लगाने के तरीके ने पुलिस को कई एंगल से जांच के लिए मजबूर कर दिया है। पुलिस को जांच के दौरान एक अहम सुराग पेटी से मिला है।

ट्रॉली के ऊपर रखी नई पेटी पर ‘हब्बू’ नाम लिखा हुआ मिला है। वहीं, पेटी के अंदर 22 जून की तारीख लिखी है। आशंका है कि आरोपियों ने पेटी खरीदने के बाद उस पर लिखा नाम मिटाने की कोशिश की थी, लेकिन नाम पूरी तरह मिट नहीं सका। यही चूक पुलिस के लिए सबसे मजबूत कड़ी बन गई है। पुलिस अब इस नाम के आधार पर गोलबाजार स्थित पेटी लाइन में दुकानों की तलाश कर रही है, ताकि यह पता लगाया जा सके कि पेटी किसने खरीदी और कब खरीदी।

पुलिस की शुरुआती जांच में सामने आया है कि युवक की गला रेतकर हत्या की गई है। गले पर गहरा घाव मिला है, जिससे साफ है कि हत्या धारदार हथियार से की गई है। हत्या के बाद शव को ट्रॉली बैग में डाला गया, फिर ऊपर से सीमेंट डालकर पूरी तरह से पैक किया गया ताकि बदबू न फैले और पहचान छुपाई जा सके। लेकिन शव दो से तीन दिन बाद सड़ने लगा और तेज बदबू फैलने लगी। आशंका है कि हत्यारे तब घबरा गए और शव को घर में रखने के जोखिम से बचने के लिए नई पेटी खरीदकर सोमवार को किसी लोडिंग वाहन की मदद से सुनसान इलाके में फेंक गए।

फेस-2 क्षेत्र से पुलिस को कुछ संदिग्ध गतिविधियों की जानकारी भी मिली है। वहां के कुछ संदिग्ध लोगों की पहचान कर उनसे पूछताछ शुरू कर दी गई है। पुलिस का मानना है कि हत्या में तीन से चार लोग शामिल हो सकते हैं, क्योंकि फॉरेंसिक टीम को पेटी और बैग पर कई लोगों के फिंगर प्रिंट मिले हैं।

 

पूर्व विधायक पहुंचे मौके पर सरकार पर लगाए आरोप

 

घटना की सूचना मिलते ही पूर्व कांग्रेस विधायक विकास उपाध्याय मौके पर पहुंचे। उन्होंने कहा कि प्रदेश में अपराधियों के हौसले बुलंद हो चुके हैं। राजधानी में इस तरह लाशों का मिलना चिंताजनक है। सरकार कानून व्यवस्था पर पूरी तरह विफल हो चुकी है।

50 मीटर की दूरी पर प्लांट जहां लाश मिली है, वहां से महज 50 मीटर दूरी पर एक निर्माण प्लांट भी स्थित है। पुलिस अब वहां काम करने वाले मजदूरों और कर्मचारियों से पूछताछ कर रही है। इसके साथ ही घटनास्थल के आसपास मोबाइल टावर लोकेशन डंप कर संदिग्ध नंबरों की पहचान की जा रही है। शव की पहचान अब तक नहीं हो सकी है। कुछ अहम सुराग हाथ लगे हैं, जिनके आधार पर टीम जांच कर रही है। मृतक की उम्र करीब 30 से 35 साल प्रतीत हो रही है।

बिगड़ रही कानून व्यवस्था
मामले में राजनीति भी होने लगी है। पूर्व विधायक विकास उपाध्याय घटनास्थल पर पहुंचकर अधिकारियों से जानकारी ली। प्रदेश में बढ़ते अपराध को लेकर उन्होंने सरकार को घेरा। कहा  कि छत्तीसगढ़ में अपराध का ग्राफ लगातार बढ़ते जा रहा है। भाजपा की डबल इंजन की सरकार में कानून-व्यवस्था बिगड़ती जा रही है। कांग्रेस लगातार इस मुद्दे को उठा रही है। हम विपक्ष में रहकर जनता की सुरक्षा के लिए लड़ रहे हैं। अपराधियों के हौसले बुलंद हैं। गृहमंत्री विजय शर्मा केवल बड़े-बड़े दावे करते हैं, लेकिन हकीकत यह है कि आज आम आदमी खुद को सुरक्षित महसूस नहीं कर रहा है। मृतक की पहचान तक नहीं हो सकी है। यह गंभीर मामला है। पुलिस और फोरेंसिक टीम जांच कर रही है, लेकिन अब तक कोई स्पष्ट जानकारी नहीं मिली है।

बता दें कि हाल ही में यूपी के मेरठ में एक महिला ने अपने प्रेमी के साथ मिलकर पति की हत्या कर दी थी। इसके बाद शव को शव को नीले ड्रम में डालकर सीमेंट से भर दी थी।

Related Articles

Advertisement Carousel
Back to top button