
रायपुर(छत्तीसगढ़ उजाला)-रायपुर सेंट्रल जेल में रेप के मामले में सजा काट रहे कैदी दिनेश कुमार देशमुख की इलाज के दौरान संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई। घटना के बाद मृतक के परिजनों ने जेल प्रशासन पर समय पर इलाज नहीं देने का गंभीर आरोप लगाया है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, कैदी दिनेश कुमार देशमुख को 26 दिसंबर को दुर्ग सेंट्रल जेल से रायपुर सेंट्रल जेल शिफ्ट किया गया था। रायपुर पहुंचने के कुछ ही दिनों बाद उसकी तबीयत अचानक बिगड़ने लगी। हालत गंभीर होने पर उसे मेकाहारा (डॉ. भीमराव अंबेडकर अस्पताल) में भर्ती कराया गया, जहां कई दिनों तक उसका इलाज चला।
बताया जा रहा है कि इलाज के दौरान कैदी की स्थिति लगातार बिगड़ती चली गई और अंततः अस्पताल में उसकी मौत हो गई। अस्पताल प्रशासन ने मौत की प्राथमिक जानकारी जेल विभाग को सौंप दी है।
मृतक के परिजनों का आरोप है कि कैदी को समय रहते उचित चिकित्सा सुविधा नहीं दी गई। उनका कहना है कि यदि समय पर और बेहतर इलाज मिलता तो उसकी जान बचाई जा सकती थी। परिजनों ने पूरे मामले की निष्पक्ष जांच की मांग की है।
वहीं, घटना की सूचना मिलते ही गंज थाना पुलिस मौके पर पहुंची और मामले की जांच शुरू कर दी है। पुलिस के अनुसार, मेडिकल रिपोर्ट और पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही मौत के वास्तविक कारणों का खुलासा हो सकेगा, जिसके आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।




