ब्रेकिंग न्यूज

ULLAS महा परीक्षा की तैयारियों को लेकर BEO गौरेला ने ली संकुल समन्वयकों की बैठक

गौरेला विकासखंड के 74 परीक्षा केंद्रों में शामिल होंगे 1629 परीक्षार्थी, सफल संचालन के लिए 90 पर्यवेक्षक तैनात

गौरेला-पेण्ड्रा-मरवाही (छत्तीसगढ़ उजाला)। 27 सितंबर 2026 को आयोजित होने वाली ULLAS नव भारत साक्षरता महा परीक्षा के सफल आयोजन एवं तैयारियों को लेकर विकासखंड शिक्षा अधिकारी गौरेला उपेंद्र सिंह ठाकुर ने बीआरसी कार्यालय गौरेला में विकासखंड के सभी संकुल समन्वयकों की आवश्यक बैठक ली। बैठक में परीक्षा की व्यवस्थाओं, परीक्षार्थियों की उपस्थिति तथा परीक्षा के सुचारू, व्यवस्थित एवं पारदर्शी संचालन को लेकर विस्तार से चर्चा की गई।

बैठक में विकासखंड गौरेला के अंतर्गत परीक्षा आयोजन की तैयारियों की समीक्षा करते हुए बताया गया कि विकासखंड के 23 संकुलों में कुल 74 परीक्षा केंद्र बनाए गए हैं। इन केंद्रों में कुल 1629 परीक्षार्थी ULLAS नव भारत साक्षरता महा परीक्षा में शामिल होंगे। परीक्षा के सफल एवं पारदर्शी संचालन को सुनिश्चित करने के लिए 90 पर्यवेक्षकों की ड्यूटी लगाई गई है।

शत-प्रतिशत परीक्षार्थियों की उपस्थिति सुनिश्चित करने के निर्देश

ULLAS साक्षरता अभियान के नोडल अधिकारी आलोक शुक्ला ने बैठक में सभी संकुल समन्वयकों को निर्देशित किया कि परीक्षा में पंजीकृत सभी परीक्षार्थियों की शत-प्रतिशत उपस्थिति सुनिश्चित करने के लिए आवश्यक प्रयास किए जाएं। उन्होंने कहा कि नव भारत साक्षरता अभियान का उद्देश्य समाज के प्रत्येक निरक्षर व्यक्ति को साक्षरता की मुख्यधारा से जोड़ना है। इसके लिए सभी संबंधित अधिकारियों एवं मैदानी अमले को समन्वित प्रयास करते हुए अपनी जिम्मेदारियों का निर्वहन करना होगा।

उन्होंने जिले को शत-प्रतिशत साक्षर बनाने के लक्ष्य को प्राप्त करने के लिए सभी से सक्रिय सहभागिता एवं प्रतिबद्धता के साथ कार्य करने का आह्वान किया।

शासन की योजनाओं एवं निर्देशों के समयबद्ध पालन पर जोर

बैठक में बीआरसी संतोष सोनी ने शिक्षा विभाग से संबंधित विभिन्न विभागीय योजनाओं का लाभ पात्र हितग्राहियों तक पहुंचाने तथा शासन द्वारा जारी निर्देशों का समय-सीमा में पालन सुनिश्चित करने के लिए संकुल समन्वयकों को निर्देशित किया।

बैठक में ULLAS महा परीक्षा को सफल बनाने के लिए सभी संबंधित अधिकारियों एवं कर्मचारियों से आपसी समन्वय के साथ कार्य करने तथा परीक्षा संबंधी तैयारियों को निर्धारित समय-सीमा में पूर्ण करने पर जोर दिया गया।

ULLAS नव भारत साक्षरता महा परीक्षा के माध्यम से जिले में साक्षरता के स्तर को बेहतर बनाने और निरक्षर व्यक्तियों को शिक्षा की मुख्यधारा से जोड़ने की दिशा में महत्वपूर्ण प्रयास किए जा रहे हैं।

प्रशांत गौतम

Related Articles

Back to top button