बिलासपुर

रेल कर्मचारी की पत्नी प्रियंका सिंह की आत्महत्या के मामले में पुलिस ने घरेलू सहायिका समेत छह लोगों से पूछताछ की, आरोपित ने कहा- सभी आरोप गलत

छत्तीसगढ़ उजाला

 

बिलासपुर (छत्तीसगढ़ उजाला)। रेल कर्मचारी की पत्नी प्रियंका सिंह की आत्महत्या के मामले में पुलिस ने तीसरे दिन अपनी जांच शुरू कर दी है। घटना के तीसरे दिन पुलिस ने महिला के घरेलू सहायिका समेत छह लोगों से पूछताछ की है। आगे और भी लोगों से घटना के संबंध में पूछताछ होगी। इसके साथ ही फोरेंसिक एक्सपर्ट की रिपोर्ट और मोबाइल की जांच रिपोर्ट के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।

श्रीकांत वर्मा मार्ग पर रहने वाली प्रियंका सिंह ने रविवार की सुबह अपने घर में फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली। इससे पहले उन्होंने फेसबुक पर लाइव वीडियो पोस्ट किया। इसमें उन्होंने अपने पड़ोसियों पर गंभीर आरोप लगाए। इसके अलावा उन्होंने एक पोस्ट भी किया है। इस पोस्ट में उन्होंने 10 लोगों पर प्रताड़ना और छेड़खानी का आरोप लगाया। वीडियो प्रसारित होने पर पुलिस की टीम उनके घर गई। तब तक महिला ने फांसी लगा ली थी। पुलिस ने शव कब्जे में लेकर पीएम कराया। इधर मामले की गंभीरता को देखते हुए एसपी रजनेश सिंह ने वीडियो और फेसबुक पोस्ट के आधार पर जुर्म दर्ज कर मामले की जांच शुरू करने निर्देश दिए। साथ ही इस मामले की जांच का जिम्मा सिविल लाइन सीएसपी निमितेष सिंह को सौंपा। बताया जाता है कि घटना के तीसरे दिन पुलिस ने प्रियंका सिंह के घर पर काम करने वाली दो महिलाओं का बयान दर्ज किया है। इसके अलावा उनके पड़ोसी रेलवे कर्मचारी नागू का भी बयान लिया गया है। प्रियंका सिंह ने नागू और उनकी पत्नी पर भी परेशान करने का आरोप लगाया है। इसके अलावा साईं मंदिर के पुजारी और उनके बेटे का पुलिस ने बयान लिया है। साथ ही मोहल्ले में रहने वाले ठेकेदार पप्पू यादव उर्फ अश्वनी यादव की पत्नी को बयान के लिए बुलाया गया।

पुलिस ने वीडियो के आधार पर आरोपित लोगों को बयान के लिए बुलाया था। बताया जाता है कि सभी आरोपित ने अपने बयान में कहा है कि एक पड़ोसी होने के चलते प्रियंका सिंह से केवल जान-पहचान थी। इसके अलावा कोई अनबन या विवाद की स्थिति कभी बनी ही नहीं। प्रियंका सिंह ने उन पर ये आरोप किन परिस्थितियों में लगाया उन्हें जानकारी नहीं है। सभी आरोपित ने आरोप को गलत बताया है। इधर मंदिर के पुजारी और उनके बेटे ने भी किसी तरह से महिला को परेशान करने या कभी विवाद नहीं होने की बात कही है।

पुलिस वह सब कर रही है जो मामले में जरूरी है। महिला ने जिनका नाम लिया उनसे व कुछ गवाहों से आज पूछताछ की गई है। लेकिन इसके आधार पर अभी कुछ भी कहना जल्दबाजी होगी। रही बात आपराधिक रिकॉर्ड की तो पुलिस सभी के बैक ग्राउंड चेक कर रही है। कुछ पर क्रिमिनल केस भी दर्ज हैं।

निमितेश सिंह, सीएसपी, सिविल लाइन

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button