छत्तीसगढ

बारूद फैक्टरी में जोरदार धमाका, दस लोगों की मौत की खबर; कई लोग मलबे में दबे

छत्तीसगढ़ उजाला

 

बेमेतरा (छत्तीसगढ़ उजाला)। बेमेतरा जिले से बड़ी खबर है। यहां बेरला के बारूद फैक्टरी में धमाका हुआ है। धमाके में आठ से 10 लोगों की मौत की खबर है। दर्जनभर लोग घायल हुए हैं। घायलों को अस्पताल में भर्ती कराया गया है।

जानकारी के अनुसार, बेमेतरा जिले के बेरला ब्लॉक अंतर्गत ग्राम बोरसी स्थित बारूद फैक्टरी में धमाका हुआ है। घटना आज सुबह की है। बारूद फैक्टरी में ब्लास्ट की आवाज कई किलोमीटर तक सुनाई दी। इससे आस-पास के गांव के लोग बड़ी संख्या में घटनास्थल पर जमा हो गए हैं।
धमाके के बाद इलाके में हड़कंप मच गया है। उधर, घटना के तीन घंटे के बाद भी रेस्क्यू टीम मौके पर नहीं पहुंची है। घायलों में से सात लोगों को रायपुर के मेकाहारा अस्पताल में लाया गया है जिसमें से एक व्यक्ति की मौत हो गई है।

वहीं रायपुर के अलग-अलग निजी अस्पतालों में भी मरीजों को भर्ती कराया गया है। बेमेतरा कलेक्टर ने बताया कि मौके पर एसडीएम पहुंचे हैं कुल कितने लोग घायल हुए हैं अभी यह स्पष्ट नहीं हो पाया है। कई लोग मलबे में दबे हुए हैं। उन्हें निकालने का प्रयास किया जा रहा है।
अभी कंपनी के अंदर किसी को जाने नहीं दिया जा रहा है। पुलिस-प्रशासन के आने के बाद ही स्थिति स्पष्ट होगी। वहीं ग्रामीणों का कहना है कि जहां पर ब्लास्ट हुआ है वहां पर 15 से 20 लोग काम करते हैं। कंपनी में बारूद का काम होता था। ब्लॉस्ट के बाद कर्मचारी बाहर की तरफ भागे। वहीं फैक्टरी का मलबा यानी सीमेंट के टुकड़े दूर तक गिरे हैं। कुछ लोग मलबा में दबे होने की आशंका है।

उजाला से बातचीत में बेरला एसडीएम पिंकी मनहर ने बताया कि प्रशासन की टीम मौके पर मौजूद है। राहत और बचाव कार्य जारी है। गंभीर रूप से घायल सात लोगों को एंबुलेंस से रायपुर भेजा गया है। इनमें एक की मौत हो गई है। छह का इलाज चल रहा है। उन्होंने कहा कि रेस्क्यू कार्य जारी है। एसडीएम ने आधिकारिक तौर पर आठ लोगों के मौत की पुष्टि की है, रेस्क्यू पूरा होने के बाद ही बता पाएंगे कुल कितने लोगों की मौत हुई है और कितने लोग घायल हुए हैं।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button