बिलासपुर

तोरवा स्थित बारदाना फैक्टरी में लगी भीषण आग… लाखों रुपए का माल जलकर खाक, शॉर्ट सर्किट का अंदेशा

छत्तीसगढ उजाला

 

बिलासपुर (छत्तीसगढ़ उजाला)। तोरवा स्थित गोदाम में रविवार की शाम आग लग गई। इसकी सूचना पर पहुंची फायर ब्रिगेड की टीम ने आग पर देर रात काबू पा लिया है। तब तक लाखों रुपये का बारदाना और फर्नीचर आग की चपेट में आकर राख हो गए। फिलहाल आग लगने के कारणों की जानकारी नहीं मिल पाई है। पुलिस देर रात तक आसपास के लोगों और गोदाम के कर्मचारियों से पूछताछ कर रही थी।

तोरवा में रहने वाले रमेश माखीजा व्यवसायी हैं। देवरीखुर्द ओवरब्रिज के पास उनका गोदाम है। इसे उन्होंने प्लास्टिक बारदाना और फर्नीचर व्यवसायी को किराए पर दिया है। दोनों व्यवसायी ने अपने सामान गोदाम में रखा है। बताया जाता है कि बारदाना व्यवसायी और फर्नीचर व्यवसायी के कर्मचारी भी गोदाम में रहते हैं। रविवार की रात करीब आठ बजे कर्मचारियों ने गोदाम से धुआं उठते देखा। जब तक वे कुछ समझ पाते प्लास्टिक बारदाने के गोदाम में आग भड़क गई थी। इसकी सूचना तत्काल पुलिस को दी गई। साथ ही फायर ब्रिगेड को भी आग लगने की जानकारी दी गई। फायर ब्रिगेड की टीम जब तक पहुंचती पूरा गोदाम आग की चपेट में आ गया था। प्लास्टिक बारदाना होने की वजह से आग तेजी से फैल रही थी। फायर ब्रिगेड की टीम ने आग पर काबू पाना शुरू कर दिया। देर रात तक आग पर काबू पा लिया गया। तब तक गोदाम का बारदाना पूरी तरह से जल गया था। वहीं, लाखों के फर्नीचर भी जलकर खाक हो गए।

एक घंटे देर से पहुंची फायर ब्रिगेड, थोड़ी ही देर में पानी हो गया खत्म

आसपास के लोगों ने बताया कि आग की सूचना पर स्थानीय पुलिस की टीम ही देर से पहुंची। पुलिस की टीम ने मौके पर पहुंचकर फायर ब्रिगेड को सूचना दी। तब तक प्लास्टिक बारदाना के गोदाम में आग भड़क चुकी थी। इधर फायर ब्रिगेड की टीम भी करीब एक घंटे के बाद मौके पर पहुंची। पहले दो दमकल से आग पर काबू पाने का प्रयास किया गया। लेकिन थोड़ी ही देर में दोनों दमकल का पानी खत्म हो गया। इसके कारण करीब आधे घंटे तक बचाव कार्य रुका रहा। बाद में और भी दमकल को मौके पर भेजा गया। जिसके बाद बचाव कार्य में तेजी आई। देर रात तक आग पर काबू पाया गया।

पुलिस की सुस्ती पर लोग होते रहे आक्रोशित

आग की सूचना के बाद पुलिस को सबसे पहले सूचना दी गई। इधर पुलिस की टीम वहां लेट से पहुंची। इधर तब तक मौके पर जाम लगने लगा था। इसके कारण लोग परेशान होने लगे। इधर पुलिस ने फायर ब्रिगेड को भी सूचना देने में देर की। इसके कारण वहां पर लोग आक्रोशित होते रहे। जब तक फायर ब्रिगेड की टीम मौके पर पहुंची प्लास्टिक बारदाने का गोदाम पूरी तरह आग की चपेट में आ गया था।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button