*एसएसपी साहब ने किया तखतपुर थाना का औचक निरीक्षण कर लिया कानून-व्यवस्था का जायजा, वसूली में पाए गए तीन आरक्षक लाइन हाजिर*
छत्तीसगढ़ उजाला

बिलासपुर (छत्तीसगढ़ उजाला)। एसएसपी रजनेश सिंह ने रविवार को तखतपुर थाने का औचक निरीक्षण कर कानून-व्यवस्था का जायजा लिया। निरीक्षण के दौरान बीट व्यवस्था, अपराध नियंत्रण और जनसंपर्क में लापरवाही बरतना पाया गया। इसी तरह तीन कांस्टेबल के खिलाफ मिली शिकायत को एसएसपी ने गंभीरता से लेते हुए तीनों को तत्काल लाइन अटैच कर दिया।
निरीक्षण के दौरान कोटा एसडीओपी नूपुर उपाध्याय भी उपस्थित रहीं। थाना क्षेत्र के कुल 79 गांवों में से 14 ग्रामों को झगड़ालू के रूप में चिह्नित किया गया है। यहां अवैध शराब, मारपीट और भूमि विवाद की शिकायतें सबसे ज्यादा मिल रही हैं।
एसएसपी ने इन गांवों में कड़ा पहरा बिठाने और संगठित अपराध में संलिप्त बदमाशों पर बीएनएस की धारा 112 के तहत कठोर कार्रवाई करने के निर्देश दिए। वहीं, बार-बार अवैध शराब बेचने वाले आरोपियों पर बाउंड ओवर और बाउंड उल्लंघन पर जमानत राशि जब्त करने के आदेश दिए गए हैं। कार्रवाई के साथ मानवीय पहल करते हुए एसएसपी ने निर्देश दिया कि शराब के अवैध धंधे में शामिल महिलाओं को सजा देने के साथ-साथ शासन की योजनाओं और महिला स्व-सहायता समूहों से जोड़कर वैकल्पिक आजीविका दी जाए। इसके अलावा सीएम हेल्पलाइन में लंबित 19 शिकायतों और चरित्र सत्यापन के मामले को समयबद्ध सीमा में गुणवत्ता के साथ निपटाने के निर्देश दिए।




