बीजेपी की नई राष्ट्रीय टीम का ऐलान, चुनावी राज्यों की कमान दिग्गजों को
नई दिल्ली(छत्तीसगढ़ उजाला)-भारतीय जनता पार्टी ने संगठन में बड़ा फेरबदल करते हुए आगामी विधानसभा चुनावों को लेकर अपनी रणनीति तेज कर दी है। पार्टी ने उत्तर प्रदेश, पंजाब और गुजरात जैसे चुनावी राज्यों के लिए नए प्रभारी नियुक्त किए हैं। बीजेपी अध्यक्ष नितिन नबीन की अगुवाई में घोषित नई राष्ट्रीय टीम में युवा और अनुभवी नेताओं के बीच संतुलन बनाने की कोशिश की गई है।
पार्टी ने विनोद तावड़े को उत्तर प्रदेश विधानसभा चुनाव का प्रभारी नियुक्त किया है। उनके साथ जगदीश ईश्वरभाई पटेल को सह-प्रभारी की जिम्मेदारी सौंपी गई है। तावड़े बीजेपी के राष्ट्रीय महासचिव और राज्यसभा सांसद हैं। उत्तर प्रदेश बीजेपी के लिए सबसे महत्वपूर्ण चुनावी राज्यों में शामिल है, ऐसे में उनकी नियुक्ति को बेहद अहम माना जा रहा है।
इसी तरह सतीश पुनिया को पंजाब विधानसभा चुनाव का प्रभारी बनाया गया है। पुनिया बीजेपी के राष्ट्रीय महासचिव और राज्यसभा सांसद हैं। पंजाब में पार्टी संगठन को मजबूत करने और अपना चुनावी आधार बढ़ाने की रणनीति पर काम कर रही है।
वहीं तरुण चुग को गुजरात विधानसभा चुनाव का प्रभारी नियुक्त किया गया है। चुग राज्यसभा सांसद हैं और संगठन में लंबे समय से सक्रिय भूमिका निभाते रहे हैं। गुजरात बीजेपी का मजबूत गढ़ माना जाता है, ऐसे में आगामी चुनाव की तैयारियों के लिए उन्हें महत्वपूर्ण जिम्मेदारी दी गई है।
राष्ट्रीय टीम में भी बड़े बदलाव
बीजेपी की नई राष्ट्रीय टीम में कई प्रमुख चेहरों को अहम जिम्मेदारियां दी गई हैं। पूर्व केंद्रीय मंत्री स्मृति ईरानी को राष्ट्रीय महासचिव बनाया गया है, जबकि पूर्व आरएसएस नेता राम माधव को राष्ट्रीय उपाध्यक्ष की जिम्मेदारी सौंपी गई है। राजस्थान की पूर्व मुख्यमंत्री वसुंधरा राजे सिंधिया को भी राष्ट्रीय उपाध्यक्ष बनाया गया है।
वहीं केंद्रीय मंत्री पीयूष गोयल को पार्टी का राष्ट्रीय कोषाध्यक्ष नियुक्त किया गया है। संगठन महामंत्री बीएल संतोष को उनके पद पर बरकरार रखा गया है, जबकि मीडिया की जिम्मेदारी अनिल बलूनी के पास ही रहेगी।
छत्तीसगढ़ के दीपक म्हास्के को बड़ी जिम्मेदारी
बीजेपी ने सोशल मीडिया संगठन में भी महत्वपूर्ण बदलाव किया है। छत्तीसगढ़ के दीपक म्हास्के को पार्टी के सोशल मीडिया की कमान सौंपी गई है। उनकी नियुक्ति को छत्तीसगढ़ के लिहाज से भी अहम माना जा रहा है।
कुल मिलाकर बीजेपी की नई टीम में जहां अनुभवी नेताओं को महत्वपूर्ण चुनावी जिम्मेदारियां दी गई हैं, वहीं नए चेहरों को भी संगठन में आगे बढ़ाया गया है। माना जा रहा है कि इन नियुक्तियों के जरिए पार्टी ने आगामी विधानसभा चुनावों की तैयारियों को और धार देने का संकेत दिया है।




