
उजाला डेस्क –
कांग्रेस के राष्ट्रीय मीडिया अध्यक्ष पवन खेड़ा ने बीजेपी और आरएसएस पर निशाना साधा है। उन्होंने कहा कि भगवान राम के नाम पर भ्रष्टाचार स्वीकार नहीं कर सकते। राजधानी रायपुर के स्वामी विवेकानंद एयरपोर्ट पर मीडिया से बातचीत में अयोध्या में राम मंदिर से जुड़े कथित चोरी के मामले पर कहा कि पूरा राम मंदिर ट्रस्ट एक ऐसा प्रयोग था, जो राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ का था। उनकी निगरानी में था। इसकी गतिविधियों पर प्रधानमंत्री कार्यालय की भी नजर रही है।
अभनपुर में कांग्रेस शहर व जिला अध्यक्षों के प्रशिक्षण शिविर में शामिल होने के लिए छत्तीसगढ़ पहुंचे खेड़ा ने कहा कि भगवान राम सिद्धांत के लिए राजपाठ छोड़ दिए। उस भगवान राम के नाम पर सत्ता भी हासिल करेंगे और चोरी करेंगे, यह संभव नहीं है।
उन्होंने आरएसएस के वरिष्ठ प्रचारक इंद्रेश कुमार के महात्मा गांधी को लेकर दिए गए बयान पर कहा कि आरएसएस का देश के स्वतंत्रता आंदोलन और इतिहास में कोई योगदान नहीं रहा है। उन्होंने आरोप लगाया कि अयोध्या से लेकर उज्जैन तक कई घटनाएं संघ की कार्यप्रणाली पर बड़े सवाल खड़ा करती हैं। ऐसे संगठनों ने देश और हिंदू समाज को नुकसान पहुंचाने का काम किया है।



