“विश्व पर्यावरण दिवस पर आ.भा.वि.प. का वृक्षारोपण अभियान, बैकुण्ठपुर में छात्रों ने लिया पर्यावरण संरक्षण का संकल्प”

बैकुण्ठपुर/कोरिया(छत्तीसगढ़ उजाला)-विश्व पर्यावरण दिवस के अवसर पर अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद (आ.भा.वि.प.) जिला कोरिया की बैकुण्ठपुर इकाई द्वारा रामचंद्र सिंहदेव कृषि महाविद्यालय एवं अनुसंधान केंद्र, बैकुण्ठपुर परिसर में भव्य वृक्षारोपण कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम का मुख्य उद्देश्य पर्यावरण संरक्षण, प्रकृति संवर्धन एवं युवाओं में पर्यावरण के प्रति जागरूकता बढ़ाना रहा।
कार्यक्रम में राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ के सह जिला संघचालक नरेश सोनी, विद्यार्थी परिषद के जिला विद्यार्थी विस्तारक अशोक यादव, जिला संयोजक बलबीर पुषाम, पर्यावरण गतिविधि प्रमुख अभिषेक साहू, नगर मंत्री नीरज, सह मंत्री आरुषि साहू, पूर्व प्रदेश कार्यकारिणी सदस्य सुभांश सैनी, महाविद्यालय प्रभारी एवं डीन प्रदीप गुप्ता, महाविद्यालय के प्राध्यापकगण, कर्मचारी एवं बड़ी संख्या में विद्यार्थी उपस्थित रहे।
इस अवसर पर अतिथियों, परिषद कार्यकर्ताओं एवं विद्यार्थियों ने विभिन्न प्रजातियों के पौधों का रोपण कर पर्यावरण संरक्षण का संदेश दिया। कार्यक्रम के दौरान पर्यावरण संतुलन, जलवायु परिवर्तन, बढ़ते प्रदूषण, भूमिगत जल स्तर में गिरावट तथा प्राकृतिक संसाधनों के संरक्षण जैसे महत्वपूर्ण विषयों पर विस्तार से चर्चा की गई।
वक्ताओं ने कहा कि वर्तमान समय में पर्यावरण संरक्षण केवल एक आवश्यकता नहीं, बल्कि प्रत्येक नागरिक की जिम्मेदारी बन गई है। यदि आने वाली पीढ़ियों को स्वच्छ एवं सुरक्षित वातावरण देना है, तो प्रत्येक व्यक्ति को अपने जीवन में अधिक से अधिक वृक्ष लगाकर उनकी देखभाल करने का संकल्प लेना होगा।
कार्यक्रम में उपस्थित विद्यार्थियों एवं कार्यकर्ताओं ने पर्यावरण संरक्षण के लिए सक्रिय भूमिका निभाने तथा नियमित रूप से वृक्षारोपण अभियान में सहभागिता सुनिश्चित करने का संकल्प लिया। कार्यक्रम का सफल आयोजन आ.भा.वि.प. कार्यकर्ताओं एवं महाविद्यालय परिवार के सहयोग से संपन्न हुआ।
अंत में सभी उपस्थितजनों ने हरित, स्वच्छ और प्रदूषण मुक्त भारत के निर्माण हेतु निरंतर कार्य करने का संकल्प लेते हुए पर्यावरण संरक्षण के प्रति अपनी प्रतिबद्धता दोहराई।



