छत्तीसगढरायपुर

फैमिली कोर्ट परिसर में महिला से गाली-गलौच और धमकी का आरोप, पति समेत दो पर केस दर्ज

रायपुर(छत्तीसगढ़ उजाला)-राजधानी रायपुर के सिविल लाइन थाना क्षेत्र स्थित फैमिली कोर्ट परिसर में एक महिला के साथ कथित गाली-गलौच और जान से मारने की धमकी देने का मामला सामने आया है। महिला की शिकायत पर पुलिस ने पति समेत दो आरोपियों के खिलाफ अपराध दर्ज कर मामले की जांच शुरू कर दी है।

पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार पीड़िता 3 जून को भरण-पोषण (मेंटेनेंस) से संबंधित एक प्रकरण में फैमिली कोर्ट पहुंची थी। इसी दौरान उसका पति, देवर और ससुर वहां पहुंचे और कथित रूप से समझौता करने तथा भरण-पोषण राशि कम कराने के लिए दबाव बनाने लगे।

महिला का आरोप है कि जब उसने इस दबाव का विरोध किया तो आरोपियों ने उसके साथ अभद्र व्यवहार करते हुए गाली-गलौच की और जान से मारने की धमकी दी। घटना के बाद वह खुद को असुरक्षित महसूस कर रही है तथा मानसिक तनाव में है।

शिकायत में महिला ने यह भी बताया कि इससे पहले भी उसके साथ इस प्रकार की घटनाएं हो चुकी हैं, लेकिन पारिवारिक कारणों और विवाद बढ़ने के डर से उसने पुलिस में शिकायत दर्ज नहीं कराई थी। इस बार कोर्ट परिसर में हुई घटना के बाद उसने कानूनी कार्रवाई का सहारा लिया।

प्राथमिक जांच के आधार पर सिविल लाइन थाना पुलिस ने आरोपी राजेश्वर देवांगन और रामलाल देवांगन के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) की धारा 296, 351(2) और 3(5) के तहत मामला दर्ज किया है।

पुलिस अधिकारियों ने बताया कि न्यायालय परिसर में हुई इस घटना को गंभीरता से लिया गया है। मामले से जुड़े तथ्यों और साक्ष्यों को एकत्र किया जा रहा है। साथ ही सुरक्षा संबंधी पहलुओं की भी समीक्षा की जा रही है।

महिला ने पुलिस से आरोपियों के खिलाफ कड़ी कानूनी कार्रवाई करने और अपनी सुरक्षा सुनिश्चित करने की मांग की है। फिलहाल पुलिस मामले की विस्तृत विवेचना में जुटी हुई है।

प्रशांत गौतम

Related Articles

Back to top button