ब्रेकिंग न्यूज

धमतरी कलेक्ट्रेट में आत्मदाह की कोशिश से मचा हड़कंप, पत्नी और बच्चों संग पहुंचे युवक ने मांगी इच्छा मृत्यु

धमतरी(छत्तीसगढ़ उजाला)-कलेक्ट्रेट परिसर में मंगलवार को उस समय हड़कंप मच गया, जब जनदर्शन कार्यक्रम में अपनी पत्नी और दो बच्चों के साथ शिकायत लेकर पहुंचे एक युवक ने मिट्टी तेल छिड़ककर आत्मदाह करने का प्रयास किया। मौके पर मौजूद अधिकारियों, पुलिसकर्मियों और कर्मचारियों की तत्परता से बड़ा हादसा टल गया। युवक को समय रहते रोककर सुरक्षित कर लिया गया।

जानकारी के अनुसार, युवक की पहचान रोहित सोनी के रूप में हुई है, जो धमतरी शहर के पोस्ट ऑफिस वार्ड स्थित साईं बाबा मंदिर के पास का निवासी है। रोहित ने कलेक्टर को सौंपे गए आवेदन में परिवार सहित इच्छा मृत्यु की अनुमति मांगी है।
युवक का आरोप है कि वह और उसका परिवार पिछले लगभग 60 वर्षों से बढ़ेश्वर महादेव मंदिर के समीप स्थित अपने मकान में रह रहा है, लेकिन हाल के समय में मंदिर से जुड़े कुछ लोगों और स्थानीय जनप्रतिनिधियों द्वारा उसे लगातार प्रताड़ित किया जा रहा है।

रोहित सोनी ने आवेदन में बताया कि जब वह अपने मकान का निर्माण कार्य करा रहा था, तब 10 से 20 लोगों का एक समूह उसके निर्माणाधीन घर में घुस आया और काम बंद करा दिया। आरोप है कि उसे मकान खाली कर कहीं और जाने का दबाव बनाया गया। युवक का कहना है कि उसे यह भी धमकी दी गई कि यदि उसने घर नहीं छोड़ा तो उसके लिए हालात ठीक नहीं रहेंगे।

इन आरोपों और कथित प्रताड़ना से परेशान होकर रोहित मंगलवार को जनदर्शन कार्यक्रम में अपनी पत्नी और दो बच्चों के साथ पहुंचा था। इसी दौरान उसने अचानक अपने ऊपर मिट्टी तेल छिड़क लिया और आत्मदाह करने की कोशिश की। हालांकि वहां मौजूद अधिकारियों और कर्मचारियों ने तत्काल हस्तक्षेप करते हुए उसे रोक लिया और सुरक्षित बाहर निकाला।
घटना के बाद कलेक्ट्रेट परिसर में अफरा-तफरी का माहौल बन गया। प्रशासन ने युवक की शिकायत पर आवश्यक कार्रवाई का आश्वासन दिया है। वहीं पूरे मामले की जांच की जा रही है।

प्रशांत गौतम

Related Articles

Back to top button