छत्तीसगढछत्तीसगढ जनसंपर्क

’सुशासन तिहार में अलमा टोप्पो की वर्षों पुरानी समस्या का हुआ समाधान’, ’जनसमस्या निवारण शिविर में हाथों-हाथ मिला राशन कार्ड, परिवार को मिलेगा खाद्यान्न सुरक्षा का लाभ’…..

रायपुर: मुख्यमंत्री श्री विष्णु देव साय के नेतृत्व में आयोजित सुशासन तिहार ग्रामीणों के लिए राहत और भरोसे का प्रभावी माध्यम बन रहा है। जनसमस्या निवारण शिविरों के जरिए आम नागरिकों की समस्याओं का त्वरित निराकरण किया जा रहा है और पात्र हितग्राहियों को शासन की योजनाओं से सीधे जोड़ा जा रहा है।

सरगुजा जिले के ग्राम पंचायत नानदमाली निवासी श्रीमती अलमा टोप्पो लंबे समय से राशन कार्ड नहीं बनने के कारण परेशान थीं। राशन कार्ड के अभाव में उनके परिवार को सार्वजनिक वितरण प्रणाली के तहत मिलने वाले खाद्यान्न का लाभ नहीं मिल पा रहा था।

सुशासन तिहार के तहत आयोजित जनसमस्या निवारण शिविर में उन्होंने अपनी समस्या रखी। खाद्य विभाग के अधिकारियों ने तत्परता दिखाते हुए दस्तावेजों का परीक्षण किया और मौके पर ही उनका नया राशन कार्ड जारी कर दिया। राशन कार्ड प्राप्त होते ही अलमा टोप्पो के चेहरे पर खुशी साफ झलकने लगी।

अलमा टोप्पो ने बताया कि अब उनके परिवार को नियमित रूप से उचित मूल्य की दुकान से राशन मिल सकेगा। उन्होंने मुख्यमंत्री श्री विष्णु देव साय के प्रति आभार व्यक्त करते हुए कहा कि सुशासन तिहार के कारण उनकी वर्षों पुरानी समस्या का समाधान गांव में ही हो गया और उन्हें सरकारी कार्यालयों के चक्कर नहीं लगाने पड़े।

उल्लेखनीय है कि मुख्यमंत्री श्री विष्णु देव साय की मंशा के अनुरूप सुशासन तिहार के माध्यम से प्रशासन गांव-गांव पहुंचकर लोगों की समस्याएं सुन रहा है और उनका त्वरित समाधान कर रहा है। इससे ग्रामीण क्षेत्रों में शासन के प्रति विश्वास और संतोष का भाव लगातार मजबूत हो रहा है।

News Desk

Related Articles

Back to top button