*समाधान शिविर में आमजनों की समस्याओं के त्वरित समाधान के लिए अधिकारी गंभीरता से करें कार्य – कलेक्टर* *पेट्रोल-डीजल को लेकर जिला प्रशासन की अपील, नागरिक अफवाहों से रहें सतर्क, जरूरत अनुसार ही करें उपयोग*
छत्तीसगढ़ उजाला - 8909144444

विभिन्न विभागों के कार्यों की विस्तार से की गई समीक्षा, लंबित प्रकरणों का शीघ्र निराकरण के दिए निर्देश
सक्ती (छत्तीसगढ़ उजाला)। कलेक्टर एवं जिला दंडाधिकारी अमृत विकास तोपनो ने आज कलेक्ट्रेट कार्यालय सभाकक्ष में आयोजित साप्ताहिक समय-सीमा की बैठक में विभिन्न विभागों के कार्यों एवं विभागीय योजनाओं के प्रगति की विस्तारपूर्वक समीक्षा की। बैठक में कलेक्टर अमृत विकास तोपनो ने कहा कि शासन के मंशानुसार सुशासन तिहार के तहत जिले में नागरिकों की समस्याओं के त्वरित, पारदर्शी एवं गुणवत्तापूर्ण समाधान के उद्देश्य से जिले के सभी विकासखंड के चिन्हांकित स्थलों में जनसमस्या समाधान शिविर आयोजित किए जा रहे हैं। उन्होंने सभी जिला स्तरीय अधिकारियों को निर्देश दिए कि वे शिविरों में अनिवार्य रूप से उपस्थित रहकर आमजनों की समस्याओं का प्राथमिकता के साथ त्वरित निराकरण सुनिश्चित करें। कलेक्टर ने शिविरों में प्राप्त आवेदनों एवं शिकायतों की समीक्षा करते हुए सभी लंबित प्रकरणों का प्राथमिकता के आधार पर निराकरण करने के निर्देश दिए। इसके साथ ही स्वास्थ्य विभाग को शिविर में बेहतर स्वास्थ्य सुविधाएं उपलब्ध कराने के लिए कहा गया। ताकि शिविर में आने वाले आमजन को स्वास्थ्य सम्बन्धी समुचित इलाज किया जा सके। उन्होंने अधिकारियों को निर्देशित किया कि सुशासन तिहार अंतर्गत आयोजित समाधान शिविरों का जमीनी स्तर पर व्यापक प्रचार-प्रसार किया जाए तथा विभागीय योजनाओं की जानकारी देकर पात्र हितग्राहियों को अधिक से अधिक लाभान्वित किया जाए। इसके साथ ही बैठक में कलेक्टर द्वारा जिला अंतर्गत विभिन्न विभागों के विभागीय कार्यों तथा प्रगतिरत विभिन्न निर्माण कार्यों सहित अन्य आवश्यक कार्यों की विस्तार से समीक्षा की गई तथा आवश्यक निर्देश दिए गए।
समय सीमा की बैठक में कलेक्टर ने जिले के सभी नागरिकों एवं उपभोक्ताओं से अपील की कि वे किसी भी अफवाह अथवा भ्रम पर ध्यान न दें और आवश्यकता अनुसार ही पेट्रोल-डीजल का उपयोग करें। उन्होंने कहा कि जिले में पेट्रोल-डीजल की उपलब्धता एवं आपूर्ति व्यवस्था सुचारु रूप से बनाए रखने के लिए लगातार कार्य किया जा रहा है। कलेक्टर ने अनावश्यक खरीदी एवं भंडारण से बचने की भी अपील की है। उन्होंने गर्मी के मौसम को ध्यान में रखते हुवे स्वास्थ्य विभाग को सभी एम्बुलेंस वाहनों को दुरुस्त रखने कहा, ताकि आपातकालीन स्वास्थ्य सेवाएं निर्बाध रूप से संचालित होती रहें। गर्मी के मौसम को देखते हुए कलेक्टर ने बिजली विभाग को भी विद्युत व्यवस्था का सुचारु एवं बेहतर संचालन सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। साथ ही उन्होंने सूर्यघर मुफ्त बिजली योजना के प्रभावी क्रियान्वयन करते हुए अधिक से अधिक पात्र हितग्राहियों को योजना का लाभ तेजी से दिलाने के लिए आवश्यक कार्यवाही करने कहा। बैठक में कलेक्टर द्वारा लोक सेवा गारंटी, लंबित पेंशन प्रकरणों सहित अन्य विभागीय कार्यों की भी समीक्षा की गई। कलेक्टर ने तहसीलवार विवादित नामांतरण, खाता विभाजन, सीमांकन, व्यपवर्तन, नक्शा बटांकन, त्रुटि सुधार, आधार प्रविष्टि सहित अन्य राजस्व प्रकरणों की जानकारी लेते हुए आवश्यक निर्देश दिए। इसी प्रकार पंचायत विभाग, लोक निर्माण विभाग, शिक्षा विभाग, विद्युत विभाग, खाद्य विभाग, सहकारिता विभाग, नगरीय प्रशासन एवं विकास विभाग, मत्स्य पालन विभाग, महिला एवं बाल विकास विभाग तथा पशु चिकित्सा विभाग सहित अन्य विभागों के कार्यों की विस्तार से समीक्षा की गई तथा आवश्यक निर्देश दिये गए। साथ ही विभागवार समय-सीमा के लंबित प्रकरणों, जनदर्शन एवं जनचौपाल में प्राप्त शिकायतों के त्वरित निराकरण के निर्देश दिए गए। बैठक में पुलिस अधीक्षक प्रफुल्ल ठाकुर, जिला पंचायत सीईओ वासु जैन, वनमण्डलाधिकारी हिमांशु डोंगरे, अपर कलेक्टर बीरेन्द्र लकड़ा, अपर कलेक्टर बालेश्वर राम, अपर कलेक्टर के एस पैकरा, संयुक्त कलेक्टर अरुण कुमार सोम, एसडीएम सक्ती कावेरी मरकाम, एसडीएम मालखरौदा रूपेंद्र पटेल, एसडीएम डभरा विनय कुमार कश्यप, डिप्टी कलेक्टर प्रीतेश राजपूत, जिला कोषालय अधिकारी उपेन्द्र पटेल, महिला एवं बाल विकास अधिकारी सुधाकर बोदले सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी उपस्थित थे।




