बिलासपुर

*बीच सड़क में बुलेट सवार युवक ने पेट्रोल डाल कर लगा लिया खुद को आग, गाड़ी आग के गोला बनी विडियो वायरल…*

छत्तीसगढ़ उजाला

 

बिलासपुर (छत्तीसगढ़ उजाला)। जिले के बिल्हा क्षेत्र के ग्राम पैसरी में शुक्रवार दोपहर एक बेहद चौंकाने वाली घटना सामने आई। यहां 28 वर्षीय युवक मंजीत जायसवाल ने चलती बुलेट मोटरसाइकिल पर खुद को आग के हवाले कर दिया। घटना इतनी अचानक और भयावह थी कि आसपास मौजूद लोग स्तब्ध रह गए।

CCTV में कैद पूरी घटना

पुलिस जांच के दौरान सामने आए सीसीटीवी फुटेज में दिखा कि मंजीत पहले बिल्हा के एक पेट्रोल पंप से डब्बे में ईंधन लेकर निकला। इसके बाद उसने चलते वाहन पर ही खुद पर ज्वलनशील पदार्थ छिड़क लिया। कुछ दूरी तय करने के बाद उसने बीच सड़क पर बाइक समेत खुद को आग लगा ली। देखते ही देखते वह आग की लपटों में घिर गया और सड़क पर जलता हुआ आगे बढ़ने लगा।

मौके पर मचा हड़कंप, राहगीर सहमे

घटना के बाद सड़क पर अफरा-तफरी का माहौल बन गया। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार युवक आग की लपटों में घिरकर भागते हुए जमीन पर लोटने लगा, लेकिन लोग भय के कारण तुरंत उसके पास नहीं पहुंच सके।

पुलिस और एंबुलेंस ने पहुंचकर बचाई जान

घटना की सूचना मिलते ही बिल्हा पुलिस और 108 एंबुलेंस मौके पर पहुंची। स्थानीय लोगों की मदद से आग बुझाई गई और गंभीर रूप से झुलसे मंजीत को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र बिल्हा ले जाया गया। प्राथमिक उपचार के बाद डॉक्टरों ने उसकी हालत गंभीर देखते हुए उसे बिलासपुर रेफर कर दिया। फिलहाल परिजनों ने उसे एक निजी बर्न एंड ट्रामा सेंटर में भर्ती कराया है, जहां उसकी हालत नाजुक बनी हुई है।

जांच में जुटी पुलिस, कारण अस्पष्ट

पुलिस ने घटनास्थल से जली हुई बुलेट मोटरसाइकिल और युवक के अन्य सामान को जब्त कर लिया है। अब तक यह स्पष्ट नहीं हो पाया है कि मंजीत ने यह कदम क्यों उठाया। पुलिस उसके मोबाइल कॉल डिटेल्स और पारिवारिक पृष्ठभूमि की जांच कर रही है। एएसपी ग्रामीण मधुलिका सिंह के निर्देश पर टीम उसके दोस्तों और परिजनों से पूछताछ कर रही है।

मरणासन बयान में बताया अलग कारण

मामले में एक और चौंकाने वाला पहलू सामने आया है। मंजीत के मरणासन बयान में उसने पुलिस को बताया कि शॉर्ट सर्किट के कारण अचानक आग लग गई। हालांकि, सीसीटीवी फुटेज में सामने आए तथ्यों और उसके बयान में अंतर होने के कारण पुलिस हर पहलू से जांच कर रही है।

सूचना मिलते ही पुलिस टीम तत्काल मौके पर पहुंची थी। घायल युवक मंजीत जयसवाल को 108 एंबुलेंस की मदद से अस्पताल भेज दिया गया है, जहां उसका इलाज जारी है। युवक ने यह कदम किन कारणों से उठाया, इसकी जांच की जा रही है।

– मधुलिका सिंह, एएसपी ग्रामीण

Related Articles

Back to top button