छत्तीसगढरायपुर

1400 पन्नों की जांच, फिर भी FIR नहीं: DSP कल्पना वर्मा केस में देरी पर उठे बड़े सवाल, चैट में नामों से बढ़ी हलचल

रायपुर(छत्तीसगढ़ उजाला)-डीएसपी कल्पना वर्मा से जुड़े बहुचर्चित मामले में 1400 से अधिक पन्नों की विस्तृत जांच रिपोर्ट पुलिस मुख्यालय को सौंपे जाने के बावजूद अब तक FIR दर्ज नहीं होने से पूरे प्रकरण पर सवाल खड़े हो गए हैं। रिपोर्ट जमा होने के तुरंत बाद 5 फरवरी को उन्हें निलंबित कर दिया गया था, लेकिन दो महीने से ज्यादा समय बीतने के बाद भी आपराधिक मामला दर्ज नहीं होना जांच प्रक्रिया की गति और पारदर्शिता पर सवाल उठा रहा है।
सूत्रों के मुताबिक, जांच रिपोर्ट में पद के दुरुपयोग, आर्थिक अनियमितताओं और संवेदनशील सूचनाओं के कथित लीक जैसे गंभीर आरोपों का विस्तृत उल्लेख किया गया है। रिपोर्ट को तथ्य आधारित और व्यापक बताया जा रहा है, जिसमें पिछले कई वर्षों की गतिविधियों की गहन जांच की गई है। इसके बावजूद FIR दर्ज न होना कई तरह की आशंकाओं को जन्म दे रहा है।
इस मामले में शिकायतकर्ता कारोबारी दीपक टंडन ने गंभीर आरोप लगाते हुए कहा है कि उनकी टोयोटा हायराइडर (CG 04 PA 0486), ज्वेलरी, डायमंड समेत अन्य कीमती सामान अब तक वापस नहीं किए गए हैं। उनका दावा है कि करोड़ों रुपये के लेनदेन से जुड़ा विवाद अभी भी लंबित है और प्रशासन की ओर से कोई ठोस कदम नहीं उठाया गया है। उन्होंने सूचना का अधिकार (RTI) के तहत भी जानकारी मांगी, लेकिन अब तक स्पष्ट जवाब नहीं मिला।
सूत्रों का यह भी कहना है कि अगर डिजिटल साक्ष्यों—खासकर मोबाइल फोन की फोरेंसिक जांच—को गंभीरता से खंगाला जाए, तो कई अहम खुलासे हो सकते हैं। मामले में गोपनीय सूचनाओं के लीक होने जैसे आरोप इसे और अधिक संवेदनशील बना देते हैं, जो साबित होने पर गंभीर आपराधिक और सुरक्षा से जुड़े पहलुओं को उजागर कर सकते हैं।
सबसे बड़ा सवाल यही है कि जब विभागीय जांच पूरी हो चुकी है और गंभीर निष्कर्ष सामने आ चुके हैं, तो FIR दर्ज करने में देरी क्यों हो रही है? पुलिस मुख्यालय की ओर से अब तक इस पर कोई विस्तृत आधिकारिक प्रतिक्रिया सामने नहीं आई है।
इसी बीच, सूत्रों के हवाले से यह भी चर्चा है कि जांच से जुड़े कुछ डिजिटल चैट में कई प्रभावशाली नामों का उल्लेख सामने आया है, जिससे मामले की संवेदनशीलता और बढ़ गई है। हालांकि इन दावों की अभी तक कोई आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई है।
निलंबन के बाद संबंधित अधिकारी की वर्तमान स्थिति को लेकर भी तरह-तरह की चर्चाएं जारी हैं। अब यह मामला सिर्फ एक अधिकारी तक सीमित न रहकर प्रशासनिक पारदर्शिता, जवाबदेही और जांच की विश्वसनीयता से जुड़ा बड़ा मुद्दा बन चुका है।
👉 अब सबकी नजर इस बात पर है कि आने वाले दिनों में क्या इस मामले में FIR दर्ज होती है या फिर जांच की दिशा कोई नया मोड़ लेती है।

प्रशांत गौतम

Related Articles

Back to top button