पेंड्रा पुलिस की बड़ी कार्रवाई! तालाब किनारे चल रहे जुआ फड़ पर छापा, 3 जुआरी गिरफ्तार; नगदी, मोबाइल और बाइक समेत ₹88 हजार जब्त

गौरेला–पेंड्रा–मरवाही(छत्तीसगढ़ उजाला)-जिले में जुआ, सट्टा और अन्य अवैध गतिविधियों पर लगाम लगाने के लिए पुलिस द्वारा लगातार कार्रवाई की जा रही है। इसी कड़ी में थाना पेंड्रा पुलिस ने ग्राम सेंवरा में तालाब के पास चल रहे जुआ फड़ पर दबिश देकर 3 जुआरियों को रंगे हाथों गिरफ्तार किया है। कार्रवाई के दौरान पुलिस ने नगदी, मोबाइल फोन और दो मोटरसाइकिल समेत कुल ₹88 हजार की जप्ती की है।
मुखबिर की सूचना पर पुलिस ने की रेड
पुलिस अधीक्षक मनोज कुमार खिलारी के निर्देशन में जिले के सभी थाना क्षेत्रों में अवैध गतिविधियों पर निगरानी बढ़ाई गई है। इसी दौरान 14 मार्च 2026 को थाना पेंड्रा पुलिस को मुखबिर से सूचना मिली कि ग्राम सेंवरा में रामकृष्ण मिश्रा के घर के पीछे तालाब के पास कुछ लोग ताश के पत्तों से “काट पत्ती” जुआ खेलते हुए रुपयों का दांव लगा रहे हैं।
सूचना मिलते ही वरिष्ठ अधिकारियों को अवगत कराते हुए थाना पेंड्रा पुलिस और साइबर सेल की संयुक्त टीम मौके पर पहुंची और घेराबंदी कर छापेमार कार्रवाई की। पुलिस टीम को देखते ही कुछ जुआरी खेत और खुले स्थान का फायदा उठाकर फरार हो गए, जबकि 3 आरोपियों को जुआ खेलते हुए मौके पर ही पकड़ लिया गया।
नगदी, मोबाइल और बाइक जब्त
कार्रवाई के दौरान पुलिस ने जुआ फड़ और आरोपियों के पास से ₹8,000 नगद, Vivo कंपनी के 3 मोबाइल फोन (अनुमानित कीमत ₹30,000) तथा 2 मोटरसाइकिल जब्त की हैं। इनमें एक Apache (बिना नंबर) और दूसरी Splendor CG31A8342 शामिल है, जिनकी अनुमानित कीमत करीब ₹50,000 बताई गई है। इसके अलावा 52 पत्ती ताश और एक बोरा भट्टी भी बरामद की गई है। कुल मिलाकर ₹88,000 की जुमला जप्ती की गई है।
ये हैं गिरफ्तार आरोपी
पुलिस ने इस मामले में तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया है—
ओम प्रकाश यादव(सोनू)(38 वर्ष), निवासी सेंवरा, थाना पेंड्रा
नरोत्तम कश्यप (45 वर्ष), निवासी पतगंवा
भोले सोनी (27 वर्ष), निवासी बंधी, थाना पेंड्रा
इन धाराओं के तहत दर्ज हुआ मामला
इस मामले में थाना पेंड्रा में अपराध क्रमांक 80/2026 दर्ज कर धारा 112(2) भारतीय न्याय संहिता (BNS) 2023 तथा धारा 3(2) छत्तीसगढ़ जुआ प्रतिषेध अधिनियम 2022 के तहत कार्रवाई करते हुए विवेचना शुरू कर दी गई है।
पुलिस टीम की रही अहम भूमिका
इस कार्रवाई में उप निरीक्षक सुरेश ध्रुव, सहायक उप निरीक्षक मनोज हनोतिया, सहायक उप निरीक्षक पन्ना लाल कुर्रे, प्रधान आरक्षक रवि त्रिपाठी, आरक्षक राजेश शर्मा, सुरेन्द्र विश्वकर्मा, हर्ष गहरवार, दुष्यंत मशराम और प्रमोद खलखो शामिल रहे।
पुलिस ने नागरिकों से की अपील
जिला पुलिस गौरेला–पेंड्रा–मरवाही ने आम नागरिकों से अपील की है कि जुआ, सट्टा और अन्य अवैध गतिविधियों की सूचना तत्काल पुलिस को दें, ताकि ऐसे अपराधों पर प्रभावी नियंत्रण किया जा सके।




