गौरेला पेंड्रा मरवाहीछत्तीसगढ

छत्तीसगढ़ माध्यमिक शिक्षा मंडल की बोर्ड परीक्षा: जिला शिक्षा अधिकारी का औचक निरीक्षण, व्यवस्थाओं का लिया जायजा


गौरेला-पेंड्रा-मरवाही(छत्तीसगढ़ उजाला)-छत्तीसगढ़ माध्यमिक शिक्षा मंडल द्वारा आयोजित कक्षा 10वीं की बोर्ड परीक्षा के अंतर्गत आज अंग्रेजी विषय की परीक्षा जिले भर में शांतिपूर्ण एवं सुव्यवस्थित माहौल में संपन्न हुई। परीक्षा की निष्पक्षता और पारदर्शिता सुनिश्चित करने के उद्देश्य से जिला शिक्षा अधिकारी रजनीश तिवारी ने अपनी उड़नदस्ता टीम के साथ मरवाही विकासखंड के विभिन्न परीक्षा केन्द्रों का औचक निरीक्षण किया।
निरीक्षण के दौरान उन्होंने हाई स्कूल धोभहर, हाई स्कूल धनपुर, स्वामी आत्मानंद शासकीय उत्कृष्ट विद्यालय सिवनी तथा हाई स्कूल परासी सहित कई केन्द्रों का जायजा लिया। इस दौरान परीक्षा कक्षों की व्यवस्थाएं, प्रश्नपत्र वितरण प्रक्रिया, गोपनीय सामग्री की सुरक्षा, बैठने की व्यवस्था तथा केंद्राध्यक्ष द्वारा किए जा रहे प्रबंधन का बारीकी से अवलोकन किया गया।
जिला शिक्षा अधिकारी ने कक्ष निरीक्षकों को निर्देशित किया कि परीक्षा के दौरान पूर्ण सतर्कता बरती जाए और किसी भी प्रकार की अनियमितता पाए जाने पर तत्काल कार्रवाई सुनिश्चित की जाए। उन्होंने कहा कि बोर्ड परीक्षा विद्यार्थियों के शैक्षणिक जीवन का महत्वपूर्ण चरण है, इसलिए पारदर्शिता और अनुशासन बनाए रखना सभी की सामूहिक जिम्मेदारी है।
निरीक्षण के दौरान उन्होंने विद्यार्थियों से भी संवाद कर परीक्षा संबंधी सुविधाओं की जानकारी ली और उन्हें आत्मविश्वास के साथ परीक्षा देने के लिए प्रेरित किया।
इसके अलावा, उन्होंने प्राथमिक शाला बदरौड़ी का भी निरीक्षण किया, जहां दो शिक्षकों की पदस्थापना के बावजूद केवल एक शिक्षक उपस्थित मिला। इस पर उन्होंने संबंधित अधिकारियों को आवश्यक निर्देश देते हुए नियमित उपस्थिति सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।
जिला शिक्षा अधिकारी की इस आकस्मिक कार्रवाई से परीक्षा केन्द्रों में प्रशासनिक सक्रियता स्पष्ट रूप से देखने को मिली। विभाग ने संकेत दिए हैं कि बोर्ड परीक्षाओं के दौरान ऐसे औचक निरीक्षण आगे भी जारी रहेंगे, ताकि पूरी परीक्षा प्रक्रिया निष्पक्ष, पारदर्शी और सुव्यवस्थित ढंग से संपन्न हो सके।

प्रशांत गौतम

Related Articles

Back to top button