
रायपुर(छत्तीसगढ़ उजाला)
रायपुर स्थित Brighton International School में आयोजित भव्य सम्मान समारोह में शहर की प्रतिभाशाली शिक्षाविद् एवं कलाकार डॉ. मिताली खोड़ियार को ‘सर्वश्रेष्ठ केस स्टडी’ पुरस्कार से सम्मानित किया गया। कार्यक्रम में शिक्षा जगत की अनेक प्रतिष्ठित हस्तियाँ, प्राचार्यगण और गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे।
डॉ. मिताली को शिक्षा, साहित्य और समाजसेवा के क्षेत्र में उनके उत्कृष्ट योगदान के लिए पूर्व में भी कई सम्मान मिल चुके हैं। यह पुरस्कार उनके शैक्षणिक नवाचार और रचनात्मक दृष्टिकोण की एक और महत्वपूर्ण उपलब्धि माना जा रहा है।
बहुमुखी प्रतिभा की धनी
डॉ. मिताली खोड़ियार एक प्रख्यात स्टोरी टेलर, स्टैंड-अप कॉमेडियन और छत्तीसगढ़ की पहली महिला वेंट्रिलोक्विस्ट के रूप में जानी जाती हैं। उन्होंने नॉर्थ अमेरिका की प्रसिद्ध स्टोरी टेलर सेज से विशेष प्रशिक्षण एवं प्रमाणपत्र प्राप्त किया है।
उनकी कहानियाँ और कविताएँ लंदन और कनाडा के रेडियो चैनलों पर प्रसारित हो चुकी हैं, जिससे उनकी रचनात्मक प्रतिभा को अंतरराष्ट्रीय पहचान मिली है। वे अपनी प्रस्तुति शैली, हास्य और सामाजिक संदेशों के माध्यम से श्रोताओं को प्रेरित करती हैं।
हिंदी के प्रचार-प्रसार में सक्रिय भूमिका
डॉ. मिताली हिंदी भाषा के प्रचार-प्रसार में भी उल्लेखनीय भूमिका निभा रही हैं। वे विदेशी विद्यार्थियों को हिंदी सिखा रही हैं तथा कई अंतरराष्ट्रीय ब्लॉगर और यूट्यूबर को भी हिंदी भाषा का प्रशिक्षण दे चुकी हैं।
अपनी कठपुतली कला और वेंट्रिलोक्विज़्म के माध्यम से वे बच्चों में कहानी सुनने और पढ़ने की रुचि पुनर्जीवित करने का प्रयास कर रही हैं, ताकि मोबाइल संस्कृति के बढ़ते प्रभाव के बीच बच्चों की रचनात्मकता और कल्पनाशक्ति सुरक्षित रह सके।
अंतरराष्ट्रीय मंच पर पहचान
अमेरिका के प्रसिद्ध शो होस्ट Frank Logan ने भी उनकी कला से प्रभावित होकर अपने कार्यक्रम में उनका विशेष साक्षात्कार लिया। इस दौरान डॉ. मिताली ने अपनी वेंट्रिलोक्विज़्म यात्रा और संघर्षों को साझा किया।
वे निरंतर प्रयासरत हैं कि छत्तीसगढ़ की सांस्कृतिक पहचान को राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय मंच पर नई ऊंचाइयाँ मिलें।
शिक्षा एवं पारिवारिक पृष्ठभूमि
डॉ. मिताली ने बिलासपुर के प्रतिष्ठित Brijesh School तथा Government Bilasa College से अपनी शिक्षा प्राप्त की।
वे स्वर्गीय विजीया खोड़ियार एवं एच.एल. खोड़ियार की सुपुत्री तथा प्रो. निमेष खोड़ियार की बहन हैं।
डॉ. मिताली खोड़ियार का उद्देश्य अपनी कला, शिक्षा और समाजसेवा के माध्यम से छत्तीसगढ़ का नाम देश और दुनिया में गौरवान्वित करना है।




