जिला शिक्षा अधिकारी “जी.पी.एम.”का औचक निरीक्षण जारी, लापरवाह शिक्षकों पर सख्त कार्रवाई

गौरेला-पेंड्रा-मरवाही(छत्तीसगढ़ उजाला)
जिले में शैक्षणिक गुणवत्ता सुधारने के उद्देश्य से जिला शिक्षा अधिकारी रजनीश तिवारी का विद्यालयों का निरीक्षण अभियान लगातार जारी है। इसी क्रम में उन्होंने आज हायर सेकेंडरी स्कूल लालपुर का औचक निरीक्षण किया।
निरीक्षण के दौरान जब शिक्षकों के उपस्थिति रजिस्टर की जांच की गई तो संस्था के पाँच शिक्षक बिना किसी वैध कारण के अवकाश लेकर अनुपस्थित पाए गए। इसे अध्यापन कार्य में गंभीर लापरवाही मानते हुए जिला शिक्षा अधिकारी ने संबंधित शिक्षकों का एक दिन का अवैतनिक अवकाश किए जाने के निर्देश दिए।
दसवीं-बारहवीं के छात्रों की अनुपस्थिति पर चेतावनी
निरीक्षण के दौरान कक्षा दसवीं एवं बारहवीं के विद्यार्थियों की कम उपस्थिति पर जिला शिक्षा अधिकारी ने गहरी नाराजगी जताई। उन्होंने विद्यालय के प्राचार्य सहित संबंधित शिक्षकों को कड़ी चेतावनी देते हुए निर्देशित किया कि सभी विद्यार्थियों को प्रतिदिन विद्यालय बुलाया जाए तथा परीक्षा से पूर्व नियमित रूप से अध्यापन कार्य सुनिश्चित किया जाए, ताकि छात्र परीक्षा में सफल हो सकें।
टेस्ट कॉपियों और शैक्षणिक गतिविधियों की जांच
जिला शिक्षा अधिकारी ने सभी विषय शिक्षकों द्वारा छात्रों से लिए गए टेस्ट की कॉपियों का भी निरीक्षण किया और शिक्षण कार्य को और अधिक प्रभावी बनाने के निर्देश दिए।
अन्य विद्यालयों में स्थिति रही सामान्य
इसके पश्चात जिला शिक्षा अधिकारी द्वारा मिडिल स्कूल लालपुर सहित अन्य विद्यालयों का भी निरीक्षण किया गया, जहां विद्यार्थियों की उपस्थिति सामान्य पाई गई तथा शिक्षक उपस्थित मिले।
निरीक्षण के दौरान उल्लास साक्षरता कार्यक्रम के नोडल अधिकारी आलोक शुक्ला भी उपस्थित रहे।



