वन सचिव से अभद्रता भारी पड़ी: मनेंद्रगढ़ DFO मनीष कश्यप निलंबित, शिकायत सीएम तक पहुंचते ही कार्रवाई

रायपुर(छत्तीसगढ़ उजाला)
छत्तीसगढ़ सरकार ने वन सचिव से फोन पर अभद्र व्यवहार के गंभीर मामले में मनेंद्रगढ़ वनमंडलाधिकारी (DFO) मनीष कश्यप को निलंबित कर दिया है। यह कार्रवाई उस शिकायत के बाद की गई, जो सीधे मुख्यमंत्री तक पहुंची थी।
जानकारी के अनुसार, केंद्र सरकार की एक महत्वपूर्ण बैठक की तैयारियों को लेकर वन सचिव ने डीएफओ मनीष कश्यप से आवश्यक जानकारी मांगी थी। इसी दौरान फोन पर बातचीत के दौरान डीएफओ द्वारा अभद्र और असंयमित भाषा का प्रयोग किए जाने का आरोप है। मामले को गंभीरता से लेते हुए राज्य सरकार ने तत्काल निलंबन का आदेश जारी किया।
पहले भी हो चुकी है कार्रवाई
गौरतलब है कि यह पहला मौका नहीं है जब मनीष कश्यप पर अनुशासनात्मक कार्रवाई हुई हो। इससे पहले, पिछली सरकार के कार्यकाल में सूरजपुर डीएफओ रहते हुए भी उन्हें ग्रामीणों की शिकायत पर तत्कालीन मुख्यमंत्री भूपेश बघेल ने निलंबित किया था।
इस तरह मनीष कश्यप दूसरी बार निलंबन की कार्रवाई का सामना कर रहे हैं।
सरकार का सख्त संदेश
इस कार्रवाई को प्रशासनिक अनुशासन और वरिष्ठ अधिकारियों के सम्मान से जोड़कर देखा जा रहा है। सरकार ने स्पष्ट संकेत दिया है कि अनुशासनहीनता और अभद्र व्यवहार किसी भी स्तर पर बर्दाश्त नहीं किया जाएगा, चाहे अधिकारी कितना ही वरिष्ठ क्यों न हो।



