छत्तीसगढरायपुर

सरकारी नौकरी का झांसा देकर 5 लाख की ठगी:बीज निगम में सचिव बनाने का दावा, अतिथि शिक्षक से लाखों ऐंठे

रायपुर(छत्तीसगढ़ उजाला)
छत्तीसगढ़ की राजधानी रायपुर के तेलीबांधा थाना क्षेत्र में सरकारी नौकरी दिलाने के नाम पर ठगी का एक और गंभीर मामला सामने आया है। जालसाजों ने छत्तीसगढ़ बीज निगम में सचिव पद पर नियुक्ति दिलाने का झांसा देकर एक अतिथि शिक्षक से 5 लाख रुपये की ठगी कर ली। पीड़ित की शिकायत पर पुलिस ने दो नामजद आरोपियों के खिलाफ अपराध दर्ज कर उनकी तलाश शुरू कर दी है।
अतिथि शिक्षक को बनाया शिकार
शिकायतकर्ता सुमित महिलांगे (32 वर्ष) वर्तमान में शासकीय कृषि महाविद्यालय, जगदलपुर में अतिथि शिक्षक के रूप में कार्यरत हैं। उन्होंने पुलिस को बताया कि वर्ष 2024 में नारायणपुर में पदस्थापना के दौरान उनकी मुलाकात राधा कश्यप और निशिकांत बेदालकर से हुई थी।
बड़े अधिकारियों की करीबी बताकर रचा जाल
आरोपी राधा कश्यप ने खुद को बड़े अधिकारियों का करीबी बताते हुए दावा किया कि वह सुमित को छत्तीसगढ़ बीज निगम में सचिव पद पर नियुक्त करवा सकती है। इसके बदले में 15 लाख रुपये की मांग की गई। आरोपियों की बातों में आकर सुमित ने पहली किस्त के रूप में 5 लाख रुपये उन्हें सौंप दिए।
डेढ़ साल बाद भी नहीं लगी नौकरी
करीब डेढ़ साल बीत जाने के बावजूद जब न तो नौकरी लगी और न ही कोई ठोस जवाब मिला, तो सुमित ने अपने पैसे वापस मांगे। शुरुआत में आरोपियों ने टालमटोल की, लेकिन लगातार दबाव बनाने पर उन्होंने 2 लाख रुपये लौटा दिए।
बाकी रकम से किया इनकार, बदसलूकी का आरोप
पीड़ित का आरोप है कि शेष 3 लाख रुपये लौटाने से आरोपियों ने साफ इनकार कर दिया और बातचीत के दौरान बदसलूकी भी की। इसके बाद सुमित ने तेलीबांधा थाने में लिखित शिकायत दर्ज कराई।
पुलिस ने दर्ज किया धोखाधड़ी का मामला
तेलीबांधा पुलिस ने दोनों आरोपियों के खिलाफ धोखाधड़ी की धाराओं में मामला दर्ज कर लिया है। फिलहाल दोनों आरोपी फरार बताए जा रहे हैं। उनकी गिरफ्तारी के लिए पुलिस की टीमें संभावित ठिकानों पर लगातार दबिश दे रही हैं।

प्रशांत गौतम

Related Articles

Back to top button