बिलासपुर

*इंडिया वन एटीएम में तोड़फोड़ कर चोरी का प्रयास, सीसीटीवी फुटेज खंगाल कर सिरगिट्टी पुलिस कर रही जांच*

छत्तीसगढ़ उजाला

 

बिलासपुर (छत्तीसगढ़ उजाला)। औद्योगिक क्षेत्र सिरगिट्टी के बन्नाक चौक पर स्थित इंडिया वन कंपनी के एटीएम को चोरों ने निशाना बनाया। रुपए निकालने के प्रयास में चोरों ने एटीएम को बुरी तरह तोड़ दिया। हालांकि चोर कैश बॉक्स तक पहुंचने में नाकाम रहे, लेकिन तोड़फोड़ के कारण एटीएम पूरी तरह बंद हो गया। कंपनी की शिकायत पर पुलिस ने अज्ञात आरोपियों के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया है।

समता विहार कॉलोनी टिकरापारा निवासी संतोष कुमार कुरें, जो इंडिया वन कंपनी में कैश लोडिंग का कार्य करते हैं, बुधवार सुबह करीब 11:30 बजे नियमित जांच के लिए बन्नाक चौक स्थित एटीएम आईडी 47420303 पर पहुंचे। वहां उन्होंने देखा कि एटीएम का बाहरी हिस्सा टूटा पड़ा था और मशीन के साथ गंभीर छेड़छाड़ की गई थी। चोरी और कंपनी को आर्थिक नुकसान पहुंचाने की नीयत से मशीन में तोड़फोड़ की गई थी, जिसके बाद एटीएम ने काम करना बंद कर दिया। संतोष कुमार कुरें ने तत्काल इसकी जानकारी अपने जोनल अधिकारी अजय नाहक को दी। अधिकारियों से चर्चा और कानूनी परामर्श के बाद बुधवार को सिरगिट्टी थाने में इसकी रिपोर्ट दर्ज कराई गई।

बन्नाक चौक जैसे व्यस्त इलाके में हुई इस वारदात ने पुलिस की रात्रि गश्त पर सवाल खड़े कर दिए हैं। पुलिस ने घटनास्थल का मुआयना किया और आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों के फुटेज खंगाले। फुटेज में एक व्यक्ति नशे की हालत में एटीएम के सामने तोड़फोड़ करते हुए नजर आ रहा है। पुलिस आरोपी की तलाश कर रही है।

Related Articles

Back to top button