छत्तीसगढरायपुर

अपनी ही पार्टी पर सवाल पड़े भारी, झीरम घाटी मामले में कांग्रेस ने प्रवक्ता विकास तिवारी को पद से हटाया

रायपुर(छत्तीसगढ़ उजाला)
झीरम घाटी नक्सल कांड को लेकर की गई बयानबाजी कांग्रेस प्रवक्ता विकास तिवारी को भारी पड़ गई है। प्रदेश कांग्रेस कमेटी (PCC) ने सख्त कदम उठाते हुए उन्हें पार्टी प्रवक्ता के पद से हटा दिया है। यह कार्रवाई प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष दीपक बैज के निर्देश पर की गई है।
दरअसल, विकास तिवारी ने झीरम घाटी कांड की जांच के लिए गठित न्यायिक जांच आयोग को पत्र लिखकर कांग्रेस नेताओं सहित भाजपा नेताओं का नार्को टेस्ट कराने की मांग की थी। पार्टी नेतृत्व ने इसे गंभीर अनुशासनहीनता माना है। साथ ही वरिष्ठ नेताओं के नामों को मीडिया में जोड़कर प्रचारित करना पार्टी की आधिकारिक लाइन के खिलाफ बताया गया है।
प्रदेश कांग्रेस ने साफ किया है कि झीरम घाटी कांड की जिम्मेदारी तत्कालीन भाजपा सरकार की है और कांग्रेस इस मुद्दे पर पीड़ित परिवारों व प्रदेश की जनता के साथ मजबूती से खड़ी है। पार्टी का कहना है कि इस तरह के व्यक्तिगत बयान संगठन की रणनीति को नुकसान पहुंचाते हैं।
पार्टी ने विकास तिवारी को तीन दिन के भीतर लिखित स्पष्टीकरण देने के लिए नोटिस भी जारी किया है। स्पष्टीकरण के बाद आगे की कार्रवाई पर निर्णय लिया जाएगा।

प्रशांत गौतम

Related Articles

Back to top button