छत्तीसगढब्रेकिंग न्यूज

सरेंडर नक्सलियों के पुनर्वास को बढ़ावा, बस्तर आईजी ने बांटे स्मार्टफोन

दंतेवाड़ा(छत्तीसगढ़ उजाला)
बस्तर आईजी सुंदरराज पी ने मंगलवार को पुना मारगेम: पुनर्वास से पुनर्जीवन पहल के अंतर्गत कोण्डागांव जिले के ग्राम देवखरगांव में संचालित पुनर्वास केंद्र का निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने केंद्र में रह रहे पुनर्वासित युवाओं से संवाद कर उन्हें दिए जा रहे कौशल प्रशिक्षण, गतिविधियों और विभिन्न शासकीय योजनाओं के लाभ की जानकारी ली।
निरीक्षण के दौरान बस्तर आईजी सुंदरराज पी ने 35 पुनर्वासित युवाओं को स्मार्टफोन एवं प्रशिक्षण किट का वितरण किया। उन्होंने युवाओं से बातचीत करते हुए कहा कि शासन की मंशा है कि हिंसा का मार्ग छोड़ चुके लोगों को कौशल विकास, रोजगारोन्मुख प्रशिक्षण और सरकारी योजनाओं से जोड़कर आत्मनिर्भर बनाया जाए, ताकि वे सम्मानजनक जीवनयापन कर सकें और समाज में सकारात्मक बदलाव का माध्यम बनें।
आईजी सुंदरराज पी ने पुनर्वासित युवाओं से आह्वान किया कि वे प्रशिक्षण अवधि का पूरा लाभ उठाएं, पूरे उत्साह और लगन के साथ सीखें तथा यहां प्राप्त ज्ञान को अपने जीवन में लागू करने के साथ-साथ अपने गांवों तक भी पहुंचाएं। उन्होंने विकास के मार्ग को अपनाने वाले पुनर्वासित व्यक्तियों की सराहना करते हुए उनका आभार भी व्यक्त किया।
इस अवसर पर कलेक्टर नुपूर राशि पन्ना ने पुनर्वास केंद्र में संचालित प्रशिक्षण कार्यक्रमों एवं गतिविधियों की जानकारी देते हुए कहा कि शासन का उद्देश्य है कि प्रशिक्षण पूर्ण होने के बाद पुनर्वासित व्यक्ति स्वरोजगार के माध्यम से अपने परिवार की आजीविका स्वयं अर्जित कर सकें और आर्थिक रूप से सक्षम बनें।
वहीं पुलिस अधीक्षक पंकज चंद्रा ने पुना मारगेम: पुनर्वास से पुनर्जीवन योजना के तहत विभिन्न ट्रेड में दिए जा रहे कौशल प्रशिक्षण तथा पुनर्वासित व्यक्तियों को शासकीय योजनाओं से जोड़ने की प्रक्रिया की विस्तृत जानकारी दी।

प्रशांत गौतम

Related Articles

Back to top button