जांजगीर में जनादेश परब: जेपी नड्डा का कांग्रेस पर तीखा हमला, बोले— नक्सलियों से थी सांठगांठ, 26 मार्च तक नक्सलवाद का होगा अंत

जांजगीर-चाम्पा(छत्तीसगढ़ उजाला)
जांजगीर-चाम्पा जिले के पुलिस लाइन ग्राउंड में आयोजित जनादेश परब कार्यक्रम में भारतीय जनता पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष एवं केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्री जेपी नड्डा ने कांग्रेस पर जमकर निशाना साधा। उन्होंने कांग्रेस पर नक्सलियों से सांठगांठ रखने और झीरम घाटी कांड में अपने ही नेताओं की मुखबिरी करने जैसे गंभीर आरोप लगाए।
जेपी नड्डा ने दावा किया कि डबल इंजन की सरकार देश से नक्सलवाद को जड़ से समाप्त करने के लिए पूरी तरह प्रतिबद्ध है और आगामी 26 मार्च तक नक्सलवाद के खात्मे की दिशा में निर्णायक सफलता हासिल की जाएगी।
जनादेश परब में दिखी सरकार की एकजुटता
छत्तीसगढ़ सरकार के दो वर्ष पूर्ण होने के अवसर पर आयोजित इस कार्यक्रम में मुख्यमंत्री विष्णु देव साय के साथ राज्य मंत्रिमंडल के सभी सदस्य मौजूद रहे। मुख्यमंत्री साय ने कहा कि दो वर्ष पूर्व प्रदेश की जनता ने भाजपा को ऐतिहासिक जनादेश देकर कांग्रेस की भ्रष्ट सरकार से मुक्ति दिलाई।
उन्होंने कहा कि सरकार बनने के बाद से ही प्रदेश में विकास की नई गाथा लिखी जा रही है। गांव, गरीब, किसान और युवाओं को केंद्र में रखकर अनेक जनकल्याणकारी योजनाएं शुरू की गईं। सड़कों का व्यापक नेटवर्क तैयार किया गया और भ्रष्टाचार में लिप्त अधिकारियों व जनप्रतिनिधियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई कर जीरो टॉलरेंस नीति लागू की गई।
मुख्यमंत्री ने कहा कि अब विकास को और गति देते हुए प्रदेश को नए अध्याय की ओर अग्रसर किया जा रहा है।
जेपी नड्डा बोले— कांग्रेस ने युवाओं के साथ किया धोखा
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए जेपी नड्डा ने पीएससी परीक्षा घोटाले का मुद्दा उठाते हुए कांग्रेस पर युवाओं के भविष्य से खिलवाड़ करने का आरोप लगाया। उन्होंने कहा कि जब वे छत्तीसगढ़ के प्रभारी थे, उसी दौरान झीरम घाटी जैसी दर्दनाक घटना हुई, जिसके लिए कांग्रेस नेतृत्व को ही जिम्मेदार ठहराया जाना चाहिए।
उन्होंने आरोप लगाया कि कांग्रेस नेताओं की नक्सलियों से नजदीकी थी और इसी वजह से प्रदेश लंबे समय तक हिंसा और अस्थिरता का शिकार रहा।
विष्णु देव साय सरकार को बताया सुशासन का मॉडल
जेपी नड्डा ने मुख्यमंत्री विष्णु देव साय की अगुवाई में चल रही सरकार की दो वर्षों की उपलब्धियों की सराहना करते हुए कहा कि
“डबल इंजन की सरकार ने न केवल अपने वादे पूरे किए, बल्कि वे कार्य भी किए जिनकी कल्पना तक नहीं की गई थी।”
उन्होंने कहा कि सरकार का रिपोर्ट कार्ड जनता के सामने है और प्रदेश ने सुशासन व विकास के क्षेत्र में नए कीर्तिमान स्थापित किए हैं।
कार्यकर्ताओं में दिखा उत्साह
छत्तीसगढ़ सरकार के दो साल पूरे होने और विकास कार्यों से भाजपा कार्यकर्ताओं में जबरदस्त उत्साह देखने को मिला। कार्यकर्ताओं ने इस कार्यक्रम को ऐतिहासिक बताया और कहा कि प्रदेश की जनता विष्णु देव साय सरकार के कार्यों से संतुष्ट और खुश है।




