
रायपुर(छत्तीशगढ़ उजाला)-राजधानी रायपुर के औद्योगिक क्षेत्र सिलतरा स्थित हीरा ग्रुप के इस्पात एवं पावर प्लांट में दोपहर बड़ा हादसा हो गया। फैक्ट्री परिसर में काम के दौरान अचानक एक पेलेट बॉक्स गिर गया, जिसकी चपेट में आने से 6 श्रमिकों की मौके पर ही मौत हो गई, वहीं 8 अन्य गंभीर रूप से घायल हो गए हैं। घायलों में से 6 की हालत नाज़ुक बताई जा रही है।
📌 कैसे हुआ हादसा
बताया जा रहा है कि यह घटना दोपहर करीब 2 बजे की है। जानकारी के मुताबिक, फैक्ट्री की टीजी बिल्डिंग में श्रमिक काम कर रहे थे। इसी दौरान वहां लगे पेलेट बॉक्स पर मेंटेनेंस का काम चल रहा था। अचानक भारी बॉक्स नीचे गिर गया और उसके नीचे कई मजदूर दब गए। हादसा इतना भीषण था कि कई मजदूरों की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि बाकी गंभीर रूप से घायल हो गए।
📌 हड़कंप और अफरातफरी का माहौल
घटना के बाद फैक्ट्री परिसर में अफरातफरी और दहशत का माहौल बन गया। हालांकि फैक्ट्री प्रबंधन की ओर से अब तक कोई आधिकारिक बयान सामने नहीं आया है। हादसे की सूचना मिलते ही पुलिस और प्रशासनिक अमला मौके पर पहुंच गया है। घायलों को नजदीकी अस्पताल में भर्ती कराया गया है।