*भाजपा कार्यालय स्थित वाचनालय में 8 हजार पुस्तकों और 2200 ई-बुक्स का संग्रह,* *प्रेरक पुस्तकों के अध्ययन से नई ऊर्जा का संचार होता है – अशोक बजाज*
छत्तीसगढ़ उजाला

रायपुर (छत्तीसगढ़ उजाला)। भाजपा के नवनियुक्त प्रदेश कार्यालय मंत्री अशोक बजाज ने औपचारिक रूप से कामकाज संभालते हुए आज कुशाभाऊ ठाकरे परिसर स्थित नानाजी देशमुख स्मृति वाचनालय का जायजा लिया। इस अवसर पर उनके साथ सह-कार्यालय मंत्री प्रीतेश गांधी भी मौजूद थे। श्रद्धेय नानाजी देशमुख की स्मृति में स्थापित यह वाचनालय विगत 9 वर्षों से संचालित है। जहां प्रतिदिन बड़ी संख्या में पाठक व कार्यकर्ता पहुँचकर संदर्भ सामग्री और पुस्तकों का अध्ययन करके स्वयं के वैचारिक ज्ञान को मजबूत कर रहे हैं। इसी दिशा में युवा पीढ़ी को जोड़ने एक स्टडी सर्किट विकसित किया जा रहा है।
स्मरण रहे कि भाजपा प्रदेश कार्यालय में पुस्तकालय की शुरुआत 12 दिसम्बर, 2016 को तत्कालीन भाजपा राष्ट्रीय अध्यक्ष व वर्तमान केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह के कर कमलों से हुई थी। अभी इस पुस्तकालय में 8 हजार पुस्तकों और 2200 ई-बुक्स का संग्रह है। पुस्तकालय में विभिन्न विषयों से संबंधित पुस्तकें उपलब्ध है, जैसे भारत व प्रदेश की राजनीति, इतिहास, भूगोल, साहित्य, संस्कृति व परंपरा आदि विषयों पर ख्यातिप्राप्त रचनाकारों की पुस्तकें उपलब्ध है। पुस्तकालय में सभी महापुरूषों की जीवनी व आत्मकथाओं के अलावा भाषा, दर्शन, धर्म, कला, उपन्यास, नाटक, कविता का संकलन है। इस पुस्तकालय में अध्ययन की दृष्टि से अनुकूल वातावरण पर विशेष ध्यान दिया गया है। सभी पाठकों के लिए बैठने की उचित व्यवस्था के साथ-साथ कम्प्यूटरीकृत प्रणाली को भी पर्याप्त विकसित किया गया है।
प्रदेश कार्यालय मंत्री श्री बजाज ने कहा कि इस वाचनालय की स्थापना कार्यकर्ताओ को देश-प्रदेश की संस्कृति, इतिहास, महापुरुषों के त्याग व विचार, लोक कला, योग व स्वास्थ्य, प्रेरक तथा राष्ट्रीय विचारधारा से संबंधित जानकारी उपलब्ध कराने के लिए की गई है। लोगों को नियमित रूप से पुस्तक वाचन करना चाहिए। उन्होंने युवा पीढ़ी को सलाह दी सतत प्रेरक पुस्तकों का अध्ययन करें इससे नई ऊर्जा का संचार होता है।